Advertisement

भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने व्यवसायी को मिली धमकी को ले एसपी से की सुरक्षा की मांग

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। भाजपा बोकारो जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने बोकारो एसपी से भेंटकर जिला के हद में कसमार के व्यवसायी को मिली धमकी मामले में निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग की है।

जानकारी देते हुए भाजपा बोकारो नगर अध्यक्ष विशाल गौतम ने 29 अक्टूबर को बताया कि जिला के हद में कसमार थाना क्षेत्र के व्यवसायी अजय कुमार जायसवाल को फोन पर मिली भद्दी गालियां, रंगदारी की मांग और जान से मारने की धमकी के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस गंभीर विषय को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल बोकारो के पुलिस अधीक्षक (एसपी) से मिलकर मामले की गंभीरता से अवगत कराते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग की।

उन्होंने बताया कि जिलाध्यक्ष सुरेंद्र राज की अध्यक्षता में गए पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ वार्ता के दौरान बोकारो एसपी ने बेहद कड़ा और स्पष्ट रुख अपनाया। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि बोकारो जिले में अपराध और अपराधियों के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने का भरोसा दिया और कहा कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए पुलिस प्रशासन बेहद ठोस और कड़े कदम उठाने जा रहा है।

ज्ञात हो कि पीड़ित व्यवसायी अजय कुमार जायसवाल द्वारा कसमार थाना प्रभारी को सौंपे गए लिखित आवेदन के अनुसार, पैतृक जमीन के विवाद को लेकर स्थानीय दबंगों और आपराधिक प्रवृत्ति के द्वारा उन्हें लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। आरोपियों द्वारा फोन और व्हाट्सएप के माध्यम से लगातार रंगदारी के रूप में 3 लाख रुपये नगद की मांग की जा रही है। पैसे न देने पर जान से मारने और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकियां दी जा रही हैं, जिससे पीड़ित का पूरा परिवार खौफ के साए में जीने को मजबूर है। पीड़ित ने आवेदन में आरोपियों के आपराधिक इतिहास और उनके पास अवैध हथियार होने का भी जिक्र किया है।

एसपी से मुलाकात करनेवाले पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष सुरेंद्र राज, जिला उपाध्यक्ष रामलाल रामदास सोरेन, जिला मंत्री एंजेला सिंह, नगर अध्यक्ष विशाल गौतम, प्रमोद कुमार, नगर उपाध्यक्ष राजनंजन, अमित कुमार, महामंत्री लाल बाबू सिंह, महिला मोर्चा नगर अध्यक्ष ममता गोस्वामी, नगर मंत्री पुष्पा मिश्रा, मंजू सिंह, जयनारायण मरांडी, प्रकाश कुमार, अशोक कुमार आदि शामिल थे। मौके पर उपस्थित भाजपा नेताओं ने साफ कहा कि अगर पुलिस प्रशासन ने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पीड़ित परिवार को सुरक्षा मुहैया नहीं कराई, तो पार्टी आगे की रणनीति तय करेगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *