प्रहरी संवाददाता/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर स्थित विधायक कार्यालय में 3 नवंबर को भारतीय जनता पार्टी के भीष्म पितामह स्व. कैलाशपति मिश्र की पुण्यतिथि मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत उनके तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं वंदे मातरम् गायन के साथ की गई। श्रद्धांजलि कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा नगर अध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह बब्लू ने की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता नरेश सिंह ने कहा कि कैलाशपति मिश्र भारतीय राजनीति के एक प्रमुख नेता थे, जिन्होंने भारतीय जनसंघ और बाद में भारतीय जनता पार्टी के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका राजनीतिक जीवन भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन से शुरू हुआ, जब उन्होंने 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन में भाग लिया और इस दौरान उन्हें गिरफ्तार भी किया गया था।
भाजपा नगर अध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह बब्लू ने कहा कि वे 1943 से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सदस्य रहे। वर्ष 1971 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने जनसंघ के टिकट पर पटना से चुनाव लड़ा, लेकिन हार गए। वर्ष 1977 में उन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव में बिक्रम सीट से जीत हासिल की और कर्पूरी ठाकुर की जनता पार्टी सरकार में वित्त मंत्री बने। उन्होंने बताया कि वर्ष 1980 में वे भारतीय जनता पार्टी के पहले बिहार प्रदेश अध्यक्ष बने और 1995 से 2003 तक पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रहे। मई 2003 से जुलाई 2004 तक वे गुजरात के राज्यपाल रहे और उन्होंने राजस्थान के कार्यवाहक राज्यपाल के रूप में भी कार्यभार संभाला। बिहार में भाजपा के विस्तार में उनके योगदान के कारण उन्हें पार्टी का भीष्म पितामह माना जाता है।
उल्लेखनीय है कि उनका निधन 3 नवंबर 2012 को हुआ था। उनकी स्मृति में भारत सरकार द्वारा वर्ष 2016 में डाक टिकट भी जारी किया गया था। इस अवसर पर निवर्तमान मंडल अध्यक्ष शशिभूषण कुमार सिंह, पूर्व मंडल उपाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह, दीपक तिवारी, दुर्गा दास, राजन कुमार दास, अनवर अली, सोनू कुमार सहनी सहित दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply