Advertisement

बीएसएल प्रबंधन की चेतावनी के बावजूद असुरक्षित आवास में रहना पड़ा भारी

सेक्टर-12 में गिरा आवास का हिस्सा, प्रबंधन ने की सुरक्षित शिफ्टिंग की अपील

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। सेल के बोकारो स्टील सिटी (बीएसएल) के सेक्टर-12ई में 28 अगस्त की सुबह लगभग 8:30 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब आवास क्रमांक 1283 से 1295 तक के एक ब्लॉक का हिस्सा अचानक ताश के पत्तों की तरह भरभराकर ढह गया। जोरदार आवाज से आसपास के रहिवासियों में दहशत फैल गई।

उक्त घटना में राहत की बात रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना के दौरान एक बुजुर्ग अंदर मौजूद थे, जिन्हें दमकल की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया। सूचना पर पुलिस और बीएसएल की संबंधित टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
स्थानीय रहिवासियों का कहना है कि उक्त क्वार्टर डैमेज लिस्ट में शामिल नहीं था और हाल में इसकी मरम्मत भी हुई थी। कहा गया कि अचानक भवन का हिस्सा गिरने से पुराने आवासों में रह रहे रहिवासियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

इधर, बीएसएल प्रबंधन ने बताया कि एनआईटी पटना के विशेषज्ञों से कराए गए स्ट्रक्चरल ऑडिट में प्रथम चरण में 169 आवासीय ब्लॉकों को निवास हेतु असुरक्षित घोषित किया जा चुका है। प्रभावित आवासधारियों को कई बार नोटिस देकर सुरक्षित आवास में शिफ्ट होने को कहा गया है। प्रबंधन के अनुसार हादसे वाले ब्लॉक में तीन आवास खाली थे, जबकि तीन लाइसेंसधारी रह रहे थे। कहा गया कि बीते जुलाई माह में इसी ब्लॉक की सीढ़ी गिरने के बाद इसे असुरक्षित घोषित किया गया था। बीएसएल ने पुनः रहिवासियों से तत्काल सुरक्षित आवास में स्थानांतरित होने की अपील की है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *