सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। विजयादशमी के अवसर पर पश्चिमी सिंहभूम जिला के हद में सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमेटी बड़ा जामदा की ओर से स्थानीय फुटबॉल मैदान में रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा जिलाध्यक्ष सह पूर्व जिला परिषद सदस्य शंभू हाजरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद रावण दहन किया। इस दौरान मैदान में हजारों की संख्या में दर्शक और श्रद्धालु मौजूद रहे।
रावण दहन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हाजरा ने कहा कि रावण दहन बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। यह पर्व हमें सिखाता है कि बुराई कितनी भी शक्तिशाली क्यों न हो, अंत में जीत हमेशा सच्चाई और अच्छाई की होती है। उन्होंने कहा कि विजयादशमी केवल परंपरा निभाने का पर्व नहीं है, बल्कि यह अपने जीवन में अच्छे विचारों को अपनाने और गलत रास्ते से दूर रहने का संदेश भी देता है।
उन्होंने कहा कि रावण दहन का मतलब केवल पुतले को जलाना नहीं है, बल्कि अपने अंदर के अहंकार, क्रोध, अन्याय और बुराई को समाप्त करने का संकल्प लेना भी है। भगवान राम के आदर्शों से प्रेरणा लेकर प्रत्येक इंसान को सत्य और न्याय के रास्ते पर चलना चाहिए। उन्होंने आमजनों से समाज में प्रेम, भाईचारा, एकता और सद्भाव बनाए रखने की अपील की। कहा कि त्योहार समाज को एक साथ आने और आपसी संबंधों को मजबूत करने का अवसर देते हैं। ऐसे आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक मान्यताओं की जानकारी मिलती है। सभी को मिल-जुलकर समाज में शांति और सद्भाव का वातावरण बनाए रखने का प्रयास करना चाहिए।
रावण दहन कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा गया। बड़ी संख्या में आसपास के रहिवासी परिवार के साथ मैदान पहुंचे और कार्यक्रम में शामिल हुए। आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई थी। इस अवसर पर दुर्गा पूजा समिति के संरक्षक संजय शारडा, अध्यक्ष राजेश सिंह, बड़ा जामदा थाना प्रभारी बालेश्वर उरांव, किरीबुरू इंस्पेक्टर समीर तिर्की और नोवामुंडी थाना प्रभारी नयन सिंह उपस्थित रहे। इनके अलावा सैकड़ों की संख्या में पुलिसकर्मी तथा हजारों दर्शक तथा श्रद्धालु कार्यक्रम में शामिल हुए। रावण दहन के साथ विजयादशमी का आयोजन संपन्न हो गया।
![]()













Leave a Reply