Advertisement

पेटरवार में धूमधाम से रावण दहन, सत्य की जीत का दिया संदेश

प्रहरी संवाददाता/पेटरवार (बोकारो)। असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय के प्रतीक विजयादशमी के पावन अवसर पर बोकारो जिला के हद में पेटरवार क्षेत्र में रावण दहन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।

पेटरवार स्थित प्लस टू हाई स्कूल फुटबॉल मैदान तथा बुंडू पंचायत के वीणा परिषद मेलाटांड़ में 22 अक्टूबर को रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के विशाल पुतलों का दहन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में रहिवासियों की भीड़ उमड़ी और पूरा क्षेत्र उत्सव के माहौल में डूबा रहा।

दशहरा के अवसर पर उपरोक्त दोनों स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के पुतलों का दहन किया गया। इस दौरान जमकर आतिशबाजी की गयी। विशेष रूप से वीणा परिषद मेलाटांड़ में हुई रंग-बिरंगी आतिशबाजी का उपस्थित जनों ने भरपूर आनंद उठाया।

रावण दहन देखने के लिए महिला, पुरुष और बच्चों की भारी भीड़ जुटी। प्लस टू हाई स्कूल मैदान में आयोजित रावण दहन कार्यक्रम में गोमिया विधायक सह झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य प्रह्लाद महतो सहित कई गणमान्य मौजूद थे। रावण दहन के साथ ही उपस्थित रहिवासियों ने बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश ग्रहण किया।

बुंडू पंचायत स्थित वीणा परिषद मेला टांड़ में भी रावण दहन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गोमिया के पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो, बुंडू पंचायत की मुखिया निहारिका सुकृति, पेटरवार के मुखिया दिनेश कुमार गुप्ता, समाजसेवी कौशल्या देवी और रितेश कुमार सिन्हा सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे। इस दौरान रहिवासियों ने आतिशबाजी का आनंद लिया और एक-दूसरे को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं।

उपरोक्त दोनों स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में रहिवासियों की भागीदारी देखने को मिली। रावण दहन कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पेटरवार पुलिस सतर्क रही। थाना प्रभारी राजू कुमार मुंडा पुलिस बल के साथ विभिन्न पूजा पंडालों और आयोजन स्थलों पर निगरानी करते रहे। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के बीच रहिवासियों ने शांतिपूर्ण माहौल में दशहरा एवं दुर्गापूजा का त्योहार मनाया। उपस्थित जन समूह ने पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन की सराहना की।

ज्ञात हो कि, विजयादशमी का पर्व हमें संदेश देता है कि सत्य और धर्म का मार्ग अपनाकर ही समाज में अच्छाई की स्थापना की जा सकती है। रावण दहन के माध्यम से आमजनों ने बुराई, अहंकार और अधर्म का त्याग कर सत्य एवं सदाचार के मार्ग पर चलने का संकल्प देता है।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *