विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने दिखाया उत्साह व् प्रतिभा
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड मुख्यालय स्थित पीएमश्री एसएस +2 उच्च विद्यालय में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 28 अगस्त को विविध ऊर्जावान खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन कर महोत्सव की शानदार शुरुआत की गई। प्रतियोगिताओं में विद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के प्राचार्य फारूक अंसारी, नोडल शिक्षक डॉ अवनीश कुमार झा, वरिष्ठ शिक्षक अशोक कुमार रजवार एवं खेल शिक्षक प्रशांत कुमार ओझा के निर्देशन में किया गया। विद्यार्थियों के बीच निबंध लेखन, नारा लेखन, पुश-अप, रस्सा-कस्सी एवं रस्सी कूद सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
जानकारी के अनुसार आयोजित निबंध प्रतियोगिता में विद्यालय के दामोदर सदन की गीतांजलि कुमारी एवं शंख सदन के विश्वरूप मुखर्जी ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं कोयल सदन की शाहिना खातून ने द्वितीय स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता के आयोजन में डॉ रणजीत कुमार झा एवं सीमा ठाकुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुश-अप प्रतियोगिता के बालक वर्ग में दामोदर सदन के हर्षित प्रजापति एवं स्वर्णरेखा सदन के उत्तम कुमार ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि दामोदर सदन के अनिल कुमार द्वितीय रहे। आयोजन में अशोक कुमार रजवार एवं डॉ जितेंद्र कुमार सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा। बालिका वर्ग में स्वर्णरेखा सदन की पायल कुमारी प्रथम एवं शंख सदन की नेहा कुमारी द्वितीय स्थान पर रहीं। इस प्रतियोगिता के आयोजन में सुमन कुमारी एवं सीमा कुमारी ने मुख्य भूमिका निभाई।
रस्सा-कस्सी प्रतियोगिता के बालक वर्ग में दामोदर सदन ने प्रथम एवं कोयल सदन ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। आयोजन में कैलाश कुमार एवं परमेश्वर बेसरा का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। बालिका वर्ग में स्वर्णरेखा सदन ने प्रथम तथा शंख सदन ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के आयोजन में अमित कुमार एवं मेहताब खातून का बेहतर सहयोग रहा।
नारा लेखन प्रतियोगिता में दामोदर सदन की गीतांजलि कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं शंख सदन के अनिकेत कुमार डे एवं स्वर्णरेखा सदन की पूजा कुमारी संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहे। आयोजन में राम बाबू शुक्ल एवं सुशीला कुमारी की मुख्य भूमिका रही। रस्सी कूद प्रतियोगिता के बालक वर्ग में शंख सदन के अंकित कुमार प्रथम एवं स्वर्णरेखा सदन के आकाश लहरी द्वितीय स्थान पर रहे। प्रतियोगिता के आयोजन में सत्येंद्र कुमार एवं खुर्शीद रजा ने मुख्य भूमिका निभाई। बालिका वर्ग में शंख सदन की हीना परवीन ने प्रथम तथा दामोदर सदन की अनीशा कुमारी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। आयोजन में महाकांत झा का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य फारूक अंसारी ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास का विकास करता है। कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर विद्यालय में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन इसी उद्देश्य से किया गया है, ताकि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेल के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने का अवसर मिले। उन्होंने प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेने वाले सभी छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम को सफल बनाने में अजय कुमार दुबे, रितेश कुमार महथा, रिशु कुमार, नितेश कुमार प्रजापति, सुदीप कुमार शर्मा, दिनेश कुमार महतो सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिका एवं कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
![]()













Leave a Reply