सामुदायिक भवन स्वांग में जिलास्तरीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एक दिवसीय बैठक
एस. पी. सक्सेना/विजय कुमार साव/बोकारो। जिला स्तरीय कांग्रेस पार्टी पदाधिकारियों की एकदिवसीय बैठक बोकारो जिला के हद में गोमिया प्रखंड के स्वांग स्थित सामुदायिक भवन परिसर में 12 नवंबर को आयोजित किया गया। बैठक में बेरमो विधायक, बोकारो जिलाध्यक्ष सहित जिला के हद में सभी प्रखंडो के प्रखंड अध्यक्ष आदि उपस्थित थे। बैठक में एसआईआर तथा पार्टी विस्तार को लेकर चर्चा की गयी। वहीं सूबे के पूर्व मंत्री माधवलाल सिंह का भतीजा सूरज लाल सिंह कांग्रेस में शामिल हुए।
स्वांग दक्षिणी पंचायत स्थित वन/सी सामुदायिक भवन में विस्तारित जिला कार्यकारिणी बोकारो जिला स्तरीय एक दिवसीय बैठक को संबोधित करते हुए बेरमो विधायक कुमार जयमंगल उर्फ अनुप सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को भाजपा से नहीं बल्कि अपनों से घात है। कहा कि भाजपा जात-पात, रोटी-माटी तथा धर्म की राजनीति करती है, लेकिन कांग्रेस केवल राष्ट्रवाद तथा संविधान की राजनीति करती है। जबतक हम जात की राजनीति करेंगे, देश का विकास संभव नहीं है। उन्होंने कांग्रेसजनों से जात-पात, माटी-रोटी की राजनीति छोड़कर देशहित में सभी के हितों के लिए राजनीति करने की अपील की।
बेरमों विधायक जयमंगल सिंह ने कहा कि संगठन ही पार्टी की असली ताकत है। कांग्रेस जातिवाद की राजनीति नहीं करती है, सबको एक समान देखती है। सभी कार्यकर्ता बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करें और आमजन की समस्याओं को प्रमुखता से उठाएं। उन्होंने कहा कि पार्टी हमेशा गरीब, मजदूर, किसान और आम जन के हक की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी लड़ती रहेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव जाकर पार्टी की नीतियों, सिद्धांतों और जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजनों तक पहुंचाएं। साथ ही उन्होंने संगठन के विस्तार के लिए नए सदस्यों को जोड़ने पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेस जनों ने भारी भरकम माला से विधायक का भव्य स्वागत किया। बैठक में जिला भर से आए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। बैठक में संगठन को मजबूत करने और पार्टी के विस्तार को लेकर विशेष चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता गोमिया प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष पंकज पांडेय उर्फ टीलू पांडेय तथा संचालन संचालन जिला महासचिव रामकिशुन रविदास ने किया। सभी पदाधिकारियों ने बारी-बारी से संगठन की वर्तमान स्थिति, समस्याओं और आगामी रणनीति पर अपने विचार रखे।
वहीं जिला अध्यक्ष, जिला सचिव व जिले के प्रखंड अध्यक्षों ने पार्टी विस्तार को लेकर अपने-अपने बातों को प्रमुखता से रखा। सभी ने अपने-अपने प्रखंडों में संगठन की स्थिति, सदस्यता अभियान की प्रगति और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। वक्ताओं ने कहा कि बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत किए बिना पार्टी का विस्तार संभव नहीं है। इसलिए सभी कार्यकर्ता अपने बूथ पर सक्रिय रहें, नए सदस्यों को पार्टी से जोड़ें और आमजनों की समस्याओं को संगठन के माध्यम से उठाएं।
बैठक में पार्टी के विस्तारीकरण को लेकर विशेष चर्चा की गई। जिलाध्यक्ष जवाहरलाल महथा ने कहा कि बोकारो जिले के सभी प्रखंडों, पंचायतों और बूथों में संगठन को और अधिक मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवाओं और महिलाओं को संगठन में अधिक से अधिक जिम्मेदारी दी जाएगी, ताकि पार्टी का जनाधार और मजबूत हो।
बैठक में आगामी कार्यक्रमों, सदस्यता अभियान, जनसंपर्क अभियान और विभिन्न प्रखंडों में बैठक आयोजित करने को लेकर भी निर्णय लिया गया। सभी पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय रहने और नियमित बैठक करने का निर्देश दिया गया। बैठक के दौरान कई कार्यकर्ताओं ने दूसरे दल को छोड़कर कांग्रेस पार्टी का दामन थामा। बेरमो विधायक और जिलाध्यक्ष ने सभी नए सदस्यों को माला पहनाकर और पार्टी का पट्टा पहनाकर कांग्रेस में स्वागत किया।
इस अवसर पर कांग्रेस में शामिल होनेवाले पूर्व मंत्री माधवलाल सिंह के भतीजा सूरज लाल सिंह ने कहा कि उनके चाचा सर्वप्रथम कांग्रेस से विधायक बने थे। कांग्रेस की नीतियों, सिद्धांतों और बेरमो विधायक के विकास कार्यों से प्रभावित होकर उन्होंने कांग्रेस में शामिल होने का निर्णय लिया है। उन्होंने पार्टी को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा से काम करने का संकल्प लिया।
बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने के लिए अपने सुझाव भी दिए। उन्होंने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को भी विधायक के समक्ष रखा, जिनके समाधान का विधायक ने आश्वासन दिया। बैठक में जिला अध्यक्ष ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं के सहयोग से ही पार्टी जिले में और अधिक मजबूत होगी।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश द्वारा प्रेषित पत्र का हवाला देते हुए वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान के तृतीय चरण के तहत गांव-गांव में चौपाल आयोजित कर एसआईआर सूची का सत्यापन करते हुए कटे मतदाता की जांच करने तथा जोड़ने पर बल दिया गया। मौके पर गोमिया विधानसभा प्रभारी रंजीता करमाली, बोकारो विधानसभा प्रभारी देव आशीष मंडल, गोमिया प्रभारी दिगंबर महतो, चंदनक्यारी प्रभारी आशीष शर्मा, विधायक प्रतिनिधि उत्तम सिंह, अजय कुमार सिंह, परवेज अख्तर, पेटरवार प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष शब्बीर अंसारी, गोमिया प्रखंड अध्यक्ष पंकज पांडेय, कसमार प्रखंड अध्यक्ष रमेश महाराज, चंदनक्यारी प्रखंड अध्यक्ष जलेश्वर दास, चास प्रखंड अध्यक्ष मुख्तार अंसारी, कन्हैया पांडेय, अली अंसारी, कौशल किशोर, सुषमा कुमारी, संगमिता सिंह, मीरा देवी, हसनैन गणी, तसव्वर आलम, प्रमोद सिंह, सुबोध सिंह पवार, अंजनी त्रिपाठी, इजराफिल अंसारी उर्फ बबनी, कृष्ण निषाद, छेदी नोनिया, शहीद रजा, अशोक मंडल, अशोक रजक, मो. मुस्तफा आदि कई जिला व प्रखंड स्तर के महिला-पुरुष कार्यकर्तागण उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply