एन. के. सिंह/बेरमो (बोकारो)। केंद्रीय श्रमिक संगठन एचएमएस से संबद्ध जनता मजदूर संघ ढोरी एरिया कमेटी का पुनर्गठन 5 नवंबर को बोकारो जिला के हद में चपरी रेस्ट हाउस में आयोजित संगठनात्मक बैठक में किया गया।
जानकारी के अनुसार उक्त बैठक में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए पुराने अनुभवी साथियों के साथ नए सदस्यों को भी कमेटी में शामिल किया गया। सर्वसम्मति से धीरज कुमार पांडेय को क्षेत्रीय अध्यक्ष, विकास सिंह को सचिव तथा चंदन कुमार तिवारी को संगठन सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।
पुनर्गठित कमेटी में प्रकाश कुमार, गंगा देवी और अख्तर अंसारी को उपाध्यक्ष, अनूप कुमार एवं गौतम कुमार को सह-सचिव तथा उज्ज्वल कुमार मुखर्जी को कोषाध्यक्ष बनाया गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत जमसं सीसीएल जोनल सचिव ओम प्रकाश सिंह उर्फ टीनू सिंह ने फूल-माला पहनाकर किया। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को संगठन की जिम्मेदारियों से अवगत कराते हुए मजदूरों की समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जमसं सीसीएल सचिव टीनू सिंह ने कहा कि पिछले दो-तीन वर्षों से संगठन की गतिविधियों की नियमित समीक्षा नहीं हुई थी। इसी को ध्यान में रखते हुए संगठन की समीक्षा कर नई कमेटी का गठन किया गया है। इसमें पुराने अनुभवी साथियों के साथ नए सदस्यों को भी जिम्मेदारी दी गई है।
बैठक में ढोरी क्षेत्र के मजदूरों की समस्याओं और प्रबंधन के रवैये पर भी विस्तार से चर्चा की गयी। उन्होंने आरोप लगाया कि मजदूरों के प्रति प्रबंधन का रवैया उदासीन बना हुआ है। यदि मजदूरों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया और प्रबंधन ने अपने रवैये में सुधार नहीं किया, तो संगठन आंदोलन का रास्ता अपनाने को बाध्य होगा।
उन्होंने संगठन की बढ़ती सदस्यता का जिक्र करते हुए बताया कि पिछले वर्ष संघ की सदस्यता लगभग 220 थी, जो इस वर्ष बढ़कर करीब 350 हो गई है। उन्होंने कहा कि सदस्यता में वृद्धि उत्साहजनक है, लेकिन यह संगठन की मंजिल नहीं, बल्कि आगे बढ़ने की शुरुआत है। कहा कि संगठन का लक्ष्य ढोरी क्षेत्र में सदस्यता का विस्तार करने के साथ मजदूरों के बीच अपनी भागीदारी और सक्रियता को और मजबूत करना है।
सचिव विकास सिंह ने जताया भरोसा, मजदूरों के हित में काम करने का लिया संकल्प
दोबारा क्षेत्रीय सचिव की जिम्मेदारी मिलने पर विकास सिंह ने संगठन के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि जनता मजदूर संघ ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। इसके लिए उन्होंने संघ के महामंत्री सिद्धार्थ गौतम, सीसीएल अध्यक्ष कमलेश सिंह, सीसीएल महासचिव ओम प्रकाश सिंह और केंद्रीय उपाध्यक्ष अनिल सिंह सहित संगठन के सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कहा कि ढोरी क्षेत्र में जनता मजदूर संघ लगातार आगे बढ़ रहा है और मजदूरों का विश्वास संगठन के प्रति बढ़ रहा है। इसका प्रमाण सदस्यता में हो रही वृद्धि है। उन्होंने कहा कि संगठन के कार्यकर्ता मजदूरों के बीच रहकर उनकी समस्याओं को सुनते हैं और उनके समाधान के लिए हर समय उपलब्ध रहते हैं। मजदूरों के क्वार्टर की मरम्मत, प्रमोशन सहित अन्य समस्याओं को संगठन प्राथमिकता से उठाता है। कहा कि रात दो बजे भी किसी मजदूर का फोन आने पर संगठन के कार्यकर्ता समस्या के समाधान के लिए तैयार रहते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ तथाकथित मजदूरों को गुमराह करते हैं और निलंबन जैसी परिस्थितियों के बाद उनसे आर्थिक लाभ लेकर दोबारा ज्वाइनिंग कराने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि जनता मजदूर संघ की कार्यप्रणाली मजदूरों के हितों की रक्षा करना और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संगठन ने जिस विश्वास के साथ उन्हें दोबारा सचिव की जिम्मेदारी दी है, वे पूरी निष्ठा से उसका निर्वहन करेंगे और ढोरी क्षेत्र में संघ को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत रहेंगे।
बैठक में चंदन कुमार तिवारी, प्रकाश कुमार, अनूप कुमार बरनवाल, श्यामा पद गोराई, अमूल्य कुमार परमार, राम कुमार, चंद्रभान सिंह, सुरोज कुमार, संतोष कुमार, बालदेव प्रसाद तिवारी, मिथुन मंडल, संजय कुमार रविदास, जाकिर अंसारी, वीरेंद्र वर्मा, जितेंद्र कुमार ठाकुर, आशुतोष कुमार सहित अन्य सदस्यगण उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply