रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। मिथिला अकादमी पब्लिक स्कूल बोकारो में 14 अक्टूबर को अंतर-सदन क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें कक्षा छह से बारहवीं तक के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
जानकारी के अनुसार प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों से गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, भाषा और बौद्धिक क्षमता से जुड़े सवाल पूछे गए। बच्चों ने उत्साह के साथ प्रश्नों को हल कर अपनी शैक्षणिक प्रतिभा और विषयों की समझ का प्रदर्शन किया।
बताया जाता है कि प्रतियोगिता में विद्यालय के चारों सदनों यथा बिरसा, भारती, वाचस्पति एवं विद्यापति ने भाग लिया। जिसमें वाचस्पति सदन ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपना दबदबा बनाया। जानकारी देते हुए विद्यालय के प्राचार्य अमर प्रसाद ने बताया कि क्विज प्रतियोगिता आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ाना और उनकी शैक्षणिक प्रतिभा को निखारना है। कहा कि नियमित रूप से इस तरह की गतिविधियों से विद्यार्थियों में अध्ययन की आदत विकसित होती है और उन्हें अपनी क्षमता पहचानने का अवसर मिलता है।
उप प्राचार्य देव दुलाल मित्रा ने कहा कि क्विज के माध्यम से विद्यार्थियों की विषयवार तैयारी का आकलन किया जाता है। इससे शिक्षकों को यह समझने में मदद मिलती है कि बच्चे किन विषयों में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं और किन क्षेत्रों में उन्हें अतिरिक्त मार्गदर्शन की आवश्यकता है, ताकि उनकी कमजोरियों को दूर कर शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार लाया जा सके। उक्त प्रतियोगिता शिक्षकों की देखरेख में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। विद्यालय में नियमित रूप से शैक्षणिक गतिविधियों के आयोजन का उद्देश्य पढ़ाई को अधिक रोचक और प्रभावी बनाना है, जिससे बच्चों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना और आत्मविश्वास बढ़ता है।
![]()













Leave a Reply