दुर्गा मंदिर के समीप गंदगी से बढ़ी परेशानी, रहिवासियों ने की सफाई की मांग
पूजा से पहले दुरुस्त होगी सफाई व्यवस्था-बीडीओ
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में नावाडीह प्रखंड मुख्यालय स्थित नावाडीह मार्केट में जगह-जगह कचरे का अंबार लगा है। बाजार में जमा गंदगी से स्थानीय रहिवासियों, दुकानदारों और बाजार आने-जाने वाले राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जाता है कि कुछ ठेला संचालक और दुकानदार अपनी दुकानों से निकलने वाले कचरे को उठाकर एक ही स्थान पर फेंक देते हैं। इसके कारण वहां धीरे-धीरे कचरे का ढेर जमा हो गया है। नियमित सफाई नहीं होने से आसपास का वातावरण भी प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय रहिवासियों के अनुसार, बाजार में जमा कचरे से दुर्गंध फैलने और मच्छर-मक्खियों के पनपने की आशंका बनी है। इससे आमजनों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने तथा विभिन्न बीमारियों का खतरा बढ़ने की चिंता जताई जा रही है। बाजार जैसे व्यस्त क्षेत्र में इस तरह गंदगी का जमा होना स्वच्छता व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है।

ज्ञात हो कि उक्त कचरे के ढेर से कुछ ही दूरी पर दुर्गा मंदिर स्थित है। यहां दुर्गा पूजा के अवसर पर श्रद्धालुओं की आवाजाही रहती है और दशमी के दिन मेले का भी आयोजन किया जाता है। ऐसे में मंदिर के आसपास गंदगी का जमा रहना आमजनों के लिए परेशानी का कारण बन सकता है। मेले के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय रहिवासियों की भीड़ बढ़ने से स्वच्छता बनाए रखना और भी जरूरी हो जाता है।
रहिवासियों का कहना है कि बाजार और मंदिर के आसपास नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि गंदगी और दुर्गंध से राहत मिल सके। साथ ही, कचरा निर्धारित स्थान पर ही फेंकने की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।
रहिवासियों ने संबंधित प्रशासन से नावाडीह मार्केट में जमा कचरे को जल्द हटाने तथा नियमित सफाई सुनिश्चित करने की मांग की है। इसके अलावा, सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वाले दुकानदारों एवं ठेला संचालकों पर सख्ती बरतने की अपील की गई है। रहिवासियों का कहना है कि केवल कचरा हटाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि दोबारा गंदगी जमा न हो, इसके लिए भी ठोस व्यवस्था जरूरी है।
इस संबंध में नावाडीह के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) प्रशांत कुमार हेंब्रम ने 14 अक्टूबर को भेंट में कहा कि दुर्गा पूजा से पहले कचरे की समस्या को दुरुस्त कर लिया जाएगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि पूजा के मद्देनजर सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय रहिवासियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
![]()













Leave a Reply