बाजारों में सजी मिट्टी के चूल्हों की दुकानें
शुद्ध मिट्टी के चूल्हे पर तैयार होगा कद्दू-भात व् चना दाल का सात्विक प्रसाद
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। बिहार के सुप्रसिद्ध लोक आस्था के महापर्व चार दिवसीय सूर्य षष्ठी (छठ) व्रत का शुभारंभ 13 नवंबर को नहाय-खाय के पवित्र अनुष्ठान के साथ होगा। इस चार दिवसीय महापर्व के पहले दिन व्रतियों द्वारा स्नान आदि के उपरांत शुद्ध मिट्टी के चूल्हों पर कद्दू-भात और चने की दाल का सात्विक प्रसाद तैयार किया जाएगा।
इस अवसर पर छठ व्रतियों के भोजन ग्रहण करने के पश्चात ही परिजन प्रसाद ग्रहण करेंगे। पर्व को लेकर सारण जिला के हद में सोनपुर मेला प्रशासनिक कैंप के निकट और कुम्हार टोली में कुंभकार शिल्पकारों द्वारा निर्मित मिट्टी के चूल्हों की बिक्री की जा रही है। कुंभकार शिल्पियों ने न सिर्फ मिट्टी के चूल्हे बनाए हैं, बल्कि मिट्टी के कोसी, ढंकना आदि का भी निर्माण किया है।
छठ पर्व को लेकर सोनपुर के नारायणी (गंडक) नदी के घाटों के अलावा गंगा एवं मही नदियों के किनारे भी ग्रामीणों द्वारा कच्चे घाट बनाए जा रहे हैं, जहाँ व्रती अस्ताचलगामी तथा उदियमान भगवान भास्कर (सूर्य) को अर्घ्य के साथ माता छठी की आराधना करेंगे। ज्ञात हो कि, छठ पर्व के दूसरे दिन 14 नवंबर को खरना के दिन व्रती पूरे दिन का उपवास रखेंगे और शाम को गन्ने के रस या गुड़ से बनी खीर का प्रसाद ग्रहण करेंगे। तीसरे दिन 15 नवंबर को संध्याकालीन बेला में अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य एवं चौथे दिन 16 नवंबर को उदयाचल सूर्य को अर्घ्य व पारण के साथ 36 घंटे का निर्जला व्रत अनुष्ठान पूर्ण होगा।
सोनपुर स्थित सूर्य मंदिर छठ व्रतियों के पूजन के लिए तैयार
सोनपुर के बाबा हरिहरनाथ- काली मंदिर के बीच अवस्थित लोक सेवा आश्रम परिसर स्थित भगवान सूर्य का मंदिर लोक आस्था का केंद्र बना हुआ है। छठ व्रत के अनुष्ठान के दौरान व्रतियों द्वारा भगवान सूर्य की पूजा और दर्शन-पूजन किया जाता है। दूर-दराज से व्रती यहां व्रत करने आए हैं और यहीं रहकर पर्व का अनुष्ठान पूरा करते हैं।
लोक सेवा आश्रम एवं सूर्य मंदिर के व्यवस्थापक संत विष्णुदास उदासीन उर्फ मौनी बाबा ने 11 नवंबर को बताया कि छठ व्रत डूबते सूर्य को धन्यवाद और उगते सूर्य से नई उम्मीद का पर्व है। कहा कि सूर्य को पृथ्वी का प्रत्यक्ष देवता माना जाता है। जहां व्रती पहले डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य और फिर उगते सूर्य को उषा अर्घ्य देते हैं। डूबते सूर्य को अर्घ्य देने का मतलब दिनभर की ऊर्जा के लिए धन्यवाद देना है, जबकि उगते सूर्य को अर्घ्य देना नई शुरुआत और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कमर तक जल में खड़े होकर तांबे के पात्र से अर्घ्य देने पर सूर्य की किरणें जल से परावर्तित होकर शरीर को ऊर्जा देती है। इस पर्व में छठी मैया की भी पूजा होती है, जिनसे संतान की दीर्घायु और सुख-सौभाग्य की कामना की जाती है।
![]()













Leave a Reply