युधिष्ठिर महतो/धनबाद (झारखंड)। देश की राजधानी नई दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में आयोजित फिल्म एक्सपो इंडिया 2026 में ‘चार्ली चैपलिन-द्वितीय के नाम से मशहूर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड धारक हीरो राजन कुमार ने इतिहास रच दिया है।
बताया जाता है कि बीते 26 अगस्त को उन्होंने अपने करियर का 5,405वां लाइव शो पेश किया, जिसे देखने के लिए दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
बिना एक भी शब्द बोले अपनी अनोखी शारीरिक भाषा, आइकॉनिक चाल-ढाल और भाव-भंगिमाओं के दम पर हीरो राजन ने मंच पर महान चार्ली चैपलिन के किरदार को जीवंत कर दिया। उनकी इस परफॉर्मेंस में न केवल भरपूर हास्य था, बल्कि एक गहरा सामाजिक संदेश भी शामिल था, जिसे देखकर दर्शक हंसते-हंसते लोटपोट हो गए।
ऐतिहासिक उपलब्धि:
अपना 5,405वां लाइव शो पूरा कर राजन ने अपनी निरंतरता और कला के प्रति समर्पण का एक अनोखा कीर्तिमान स्थापित किया है। इस विशेष शो का आयोजन बिहार फिल्म एंड टेलीविजन आर्टिस्ट एसोसिएशन ट्रस्ट’ (बफटा) के सहयोग से किया गया। प्रस्तुति समाप्त होते ही पूरे हॉल में मौजूद दर्शकों और फिल्म उद्योग के दिग्गजों ने खड़े होकर जोरदार तालियों से उनका अभिवादन किया।
एक्सपो में मौजूद कई वरिष्ठ फिल्म निर्माताओं ने कहा कि राजन कुमार महज नकल नहीं करते, बल्कि उस किरदार को जीते हैं। उन्होंने चार्ली चैपलिन की इस मूक कला को गांव-गांव और शहर-शहर तक पहुँचाकर सामाजिक जागरूकता का जरिया बनाया है। फिल्म एक्सपो 2026 के पूरे आयोजन में हीरो राजन कुमार का यह शो सबसे ज्यादा चर्चित और सराहा जाने वाला कार्यक्रम बनकर उभरा है।
![]()













Leave a Reply