रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा ने 22 अगस्त को जिला मुख्यालय समाहरणालय में गोमिया प्रखंड की सियारी पंचायत में आयोजित लोक संवाद के दौरान ग्रामीणों द्वारा उठाए गए मामलों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से एक-एक मामले की जानकारी लेते हुए लंबित मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन करने का निर्देश दिया।
जानकारी के अनुसार समीक्षा में डुमरी बिरहोर मध्य विद्यालय को उच्च विद्यालय में अपग्रेड करने का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजे जाने की जानकारी दी गई। उपायुक्त ने अपग्रेड होने तक बच्चों के लिए मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी योजना के तहत वैकल्पिक परिवहन व्यवस्था करने को कहा। धमदरबा-कासीटांड़-बिरहोरडेरा, डुमरी-बड़की कोयाटांड़ सड़क और तुलबुल-ढेंढे-सियारी में क्षतिग्रस्त पुल के मामले में आगामी 30 अगस्त तक स्थल सर्वे कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया।
इस अवसर पर वनाधिकार के तहत पात्र ग्रामीणों को पट्टा दिलाने के लिए ग्रामसभा कराने तथा जागरूकता कार्यक्रम चलाने को कहा गया। जर्जर प्रधानमंत्री आवासों की मरम्मत, स्वास्थ्य सुविधा और एंबुलेंस उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। ग्रामीणों को पत्तल व रस्सी निर्माण, सिंचाई और अन्य गतिविधियों के माध्यम से स्वरोजगार से जोड़ने का निर्देश दिया गया। साथ हीं टीवीएनएल से संबंधित मुआवजा मामलों के समाधान के लिए प्रशासन, प्रबंधन और विस्थापितों के बीच त्रिस्तरीय वार्ता कराने को कहा गया। जिला उपायुक्त झा ने सियारी को मॉडल पंचायत और नशामुक्त पंचायत बनाने, युवाओं के लिए कोचिंग, कम्युनिटी फार्मिंग तथा सीएसआर गतिविधियों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।
![]()













Leave a Reply