Advertisement

गाड़ी वाला आया, घर से कचरा निकाल गीतों के माध्यम से बच्चों ने दिया स्वच्छता संदेश

प्राथमिक कन्या विद्यालय में बच्चों ने सीखा कचरा प्रबंधन का पाठ

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर प्रखंड के नयागांव थाना क्षेत्र के हासिलपुर पंचायत स्थित प्राथमिक कन्या विद्यालय लहलादचक में 29 अक्टूबर को इको क्लब के तत्वावधान में छात्रों को कचरा प्रबंधन एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

इस दौरान विद्यालय के शिक्षकों ने बच्चों को कचरे के प्रकारों की पहचान करने तथा उन्हें निर्धारित डस्टबिन में डालने की जानकारी दी। शिक्षकों ने बताया कि बच्चे स्वयं जानकारी प्राप्त करने के साथ-साथ अपने घर के सदस्यों को भी जानकारी देकर स्वच्छता के प्रति जागरूक कर सकते हैं। कहा कि गंदगी से अनेक प्रकार की बीमारियाँ उत्पन्न होती हैं, ऐसे में कचरे का निपटान अलग-अलग डस्टबिन में करने से कई परेशानियों से बचा जा सकता है।

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने डस्टबिन के नमूने तैयार कर कक्षा में प्रदर्शित किए और बच्चों को चार अलग-अलग रंगों के डस्टबिन के उपयोग के बारे में समझाया। छात्रों को बताया गया कि मेडिकल से संबंधित कचरे के लिए लाल रंग, सूखे कचरे के लिए नीला रंग, गीले कचरे के लिए हरा रंग तथा इलेक्ट्रॉनिक कचरे के लिए काले रंग के डस्टबिन का उपयोग किया जाएगा। शिक्षकों ने कचरे को सही तरीके से अलग-अलग रखने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि इससे स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण को सुरक्षित रखने में मदद मिलती है।

कार्यक्रम को रोचक और ज्ञानवर्धक बनाने के लिए छात्रों ने स्वच्छता से संबंधित गीतों पर नृत्य प्रस्तुत किया। गाड़ी वाला आया, घर से कचरा निकाल और स्वच्छता की ज्योत जागे रे जैसे गीतों के माध्यम से बच्चों ने स्वच्छता का संदेश दिया। इस सांस्कृतिक प्रस्तुति में स्वाती कुमारी, रौशनी कुमारी, पिहू कुमारी, साबिया खातून और पूजा कुमारी ने भाग लिया।
विद्यालय की प्रधान शिक्षिका नेहा कुमारी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षक रविरंजन, अविनाश, पिंटू, सुप्रिया और सबा प्रवीण ने सहयोग किया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में स्वच्छता की आदत विकसित करना, कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें अपने घर और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित करना था।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *