Advertisement

खूंटी में स्कूल के प्रिंसिपल पर गोलीबारी की घटना निंदनीय-विजय शंकर नायक

अल्पसंख्यको पर हमला बर्दाश्त नही, अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। झारखंड की राजधानी रांची से सटे खूंटी जिले के संत मिखाइल स्कूल के प्रिंसिपल एवं फादर बेनी एक्का को अज्ञात अपराधियों द्वारा गोली मारे जाने की घटना अत्यंत गंभीर, चिंताजनक और निंदनीय है। अपराधियों द्वारा 21 अक्टूबर की सुबह स्कूल के स्टाफ रूम में घुसकर इस तरह की वारदात को अंजाम देना कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करता है। इस घटना से न केवल स्कूल परिवार, बल्कि पूरे इलाके में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा हो गया है।

झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता विजय शंकर नायक ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन से अपराधियों के खिलाफ तत्काल और कठोर कार्रवाई की मांग की है। नायक ने कहा कि शैक्षणिक संस्थान शिक्षा, संस्कार और समाज निर्माण के केंद्र होते हैं। स्कूल परिसर के भीतर घुसकर गोलीबारी करना अत्यंत गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि यदि शिक्षक, प्राचार्य और शिक्षण संस्थानों से जुड़े गणमान्य ही सुरक्षित नहीं रहेंगे, तो आम रहिवासियों, अभिभावकों और विद्यार्थियों के मन में सुरक्षा का विश्वास कैसे कायम रहेगा।

नायक ने कहा कि राज्य में कानून का शासन स्थापित करना सरकार और प्रशासन की संवैधानिक जिम्मेदारी है। ऐसी घटनाओं पर केवल औपचारिक बयान जारी करना पर्याप्त नहीं है। पुलिस प्रशासन को त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराधियों की पहचान, गिरफ्तारी और घटना के पीछे के कारणों का खुलासा करना चाहिए।

कांग्रेस प्रवक्ता विजय शंकर नायक ने मांग की कि उक्त गोलीबारी की घटना में शामिल अपराधियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए तथा उनके विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाए। मामले की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर घटना के पीछे की वास्तविक वजह का खुलासा किया जाए। घायल फादर बेनी एक्का को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और उनके उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। संत मिखाइल स्कूल सहित क्षेत्र के शैक्षणिक संस्थानों की सुरक्षा बढ़ाई जाए, ताकि विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों में सुरक्षा का विश्वास बना रहे। खूंटी जिले में पुलिस गश्त और अपराध नियंत्रण की व्यवस्था को मजबूत किया जाए, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

नायक ने कहा कि स्कूल के स्टाफ रूम में घुसकर गोलीबारी की घटना किसी भी सभ्य समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है। अपराधियों के मन से कानून का भय समाप्त नहीं होना चाहिए। राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लें, दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार करें और जनता को सुरक्षा का ठोस भरोसा दें। कहा कि अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि कानून के शासन पर आम जनों का विश्वास कायम रहे। उन्होंने कहा कि खूंटी के रहिवासी शांति, सुरक्षा और भयमुक्त वातावरण के हकदार है। इस घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन को बिना किसी देरी के कार्रवाई करनी चाहिए। कांग्रेस पार्टी पीड़ित के प्रति संवेदना व्यक्त करती है और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती है। साथ ही, दोषियों की गिरफ्तारी और न्याय सुनिश्चित करने की मांग करती है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *