Advertisement

कोल इंडिया के डीटी ने किया एकेकेओसीपी (खासमहल) परियोजना का निरीक्षण

बीएंडके क्षेत्र हर हाल मे हासिल करे 93 लाख टन कोयला उत्पादन लक्ष्य-अच्युत घटक

एन. के. सिंह/बेरमो (बोकारो)। कोल इंडिया के डायरेक्टर टेक्निकल (डीटी) अच्युत घटक ने बीते 2 नवंबर को बोकारो जिला के हद में सीसीएल के बीएंडके क्षेत्र के खासमहल-कोनार (एकेकेओसीपी) परियोजना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खदानों में चल रहे आउटसोर्सिंग और विभागीय पैच में उत्पादन कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से उत्पादकता, कोयला स्टॉक तथा डिस्पैच की स्थिति की जानकारी ली।

जानकारी के अनुसार डीटी अच्युत घटक ने उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ कोयले के डिस्पैच में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया। खासमहल-कोनार परियोजना के निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यू पॉइंट पहुंचे, जहां से उन्होंने आउटसोर्सिंग और विभागीय पैच में चल रहे कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने खदान के विभिन्न पैचों में हो रहे कोयला उत्पादन की स्थिति की जानकारी ली तथा माइंस के मैप का भी अवलोकन किया।

बताया जाता है कि कोल इंडिया डीटी ने इस दौरान सीसीएल के निदेशक तकनीकी (डीटी) अनूप हांजुरा, बीएंडके क्षेत्र के महाप्रबंधक (जीएम) संजय कुमार झा, एकेकेओसीपी परियोजना पदाधिकारी सुमेधानंदन से उत्पादन एवं उत्पादकता की वर्तमान स्थिति पर चर्चा की। इसके बाद डीटी ने माइंस में चल रहे खनन कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि ओबी रिमूवल और कोयला उत्पादन के साथ -साथ डिस्पैच पर भी विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने रोड ट्रांसपोर्टिंग के अलावा रेलवे साइडिंग के माध्यम से कोयले के परिवहन को भी गति देने पर जोर दिया, ताकि उत्पादन के अनुरूप कोयले की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने अधिकारियों को दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए कोयले की मांग लगातार बढ़ रही है। सीसीएल उत्पादन बढ़ाने पर विशेष ध्यान दे रहा है, लेकिन उत्पादन के साथ कोयले का समय पर डिस्पैच भी उतना ही महत्वपूर्ण है। इसलिए डिस्पैच के कार्य में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जानी चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों और कोयला परिवहन में लगे ट्रांसपोर्टरों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा कोयले की ढुलाई को सुचारू बनाए रखने पर जोर दिया। कहा कि चालू वित्तीय वर्ष का 93 लाख टन कोयला उत्पादन लक्ष्य को हर हाल मे हासिल करे। मौके पर विभागाध्यक्ष माइनिंग शंकर झा, एएसओ पी एन सिंह, सेल अधिकारी राजीव रंजन सिंह, संजय कुमार, दीपक कुमार, मनोज कुमार, ज्ञानवर्धन, नीरज कुमार सहित कई अन्य अधिकारीगण मौजूद थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *