Advertisement

कसमार के पोंडा में फाइलेरिया उन्मूलन को लेकर रात्रि रक्त पट्ट संग्रह अभियान शुरू

मुखिया ने किया एनबीएस का उद्घाटन, आमजनों से जाँच कराने की अपील

रंजन वर्मा/​कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) कसमार के अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मन्दिर पोंडा के विभिन्न गांवों में बीते 27 अक्टूबर की रात्रि फाइलेरिया उन्मूलन को लेकर रात्रि रक्त पट्ट (नाईट ब्लड स्लाइड कलेक्शन) संग्रह का विशेष कार्य किया गया। इस अभियान का विधिवत उद्घाटन पोंडा पंचायत के मुखिया हारु रजवार ने किया।

​कार्यक्रम के दौरान मुखिया हारु रजवार ने पंचायत के सभी रहिवासियों से अपील करते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग की यह एक बेहद सराहनीय पहल है। पोंडा पंचायत को फाइलेरिया मुक्त बनाने के लिए हम सभी की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है, इसलिए अधिक से अधिक संख्या में अपनी जाँच करवाएं।

सीएचसी कसमार के ​प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. नवाब ने जानकारी देते हुए 28 अक्टूबर को बताया कि सीएचसी कसमार के अंतर्गत इस वर्ष सेंटिनल साइट बगदा तथा रैंडम साइट टाँगटोना और पोंडा पंचायत में रात्रि रक्त पट्ट संग्रह का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व सेंटिनल साइट बगदा एवं रैंडम साइट टाँगटोना में रात्रि रक्त पट्ट संग्रह का कार्य सफलतापूवर्क संपन्न किया जा चुका है। कहा कि जिला वीबीडी कार्यालय के निर्देशानुसार प्रत्येक साइट से कम से कम 300 रक्त पट्ट संग्रह करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

​फाइलेरिया बीमारी और रात्रि में जाँच को लेकर दी गई जानकारी के अनुसार ​अभियान के दौरान एमटीएस शैलेश ठाकुर एवं पिरामल फाउंडेशन के प्रतिनिधि साहिल कुमार गुप्ता ने ग्रामीणों को फाइलेरिया बीमारी के दुष्प्रभावों के विषय में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने आमजनों को यह भी समझाया कि फाइलेरिया परजीवी के सूक्ष्म रूप (माइक्रोफाइलेरिया) रात्रि के समय ही रक्त वाहिनियों में सक्रिय होते हैं। यही कारण है कि फाइलेरिया का रक्त पट्ट संग्रह हमेशा रात्रि में ही किया जाता है।

​इस सफल अभियान को जमीनी स्तर पर उतारने में स्वास्थ्य विभाग और सहयोगी संस्थाओं के कर्मियों ने सराहनीय योगदान दिया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से ​एमपीडब्ल्यू अविनाश रंजन, ​प्रयोगशाला प्रौद्योगिकी (लैब तकनीशियन चुरामन महतो, नरेश कुमार, नवीन कुमार, राकेश रंजन, दीपक उरांव, प्रबीर मल्लिक, अविनाश कुमार, खुर्शीद आलम, अनिल गोराई, विकास कुमार साव, ​सहिया बहनें नीरा किस्कु, कुसुम देवी, सुमंती देवी ​तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसमार के अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने अपनी महती भूमिका निभाई।
​

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *