Advertisement

कर्तव्य पथ पर जान न्योछावर करने वाले आरपीएफ जवानों को दी गई श्रद्धांजलि

सोनपुर रेल मंडल में पुलिस स्मृति दिवस कार्यक्रम का आयोजन

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल मुख्यालय में 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस अत्यंत गरिमा और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कर्तव्य की वेदी पर अपने प्राणों की आहुति देने वाले रेलवे सुरक्षा बल के अमर शहीदों को याद किया गया तथा मंडल मुख्यालय स्थित आरपीएफ रिजर्व कंपनी परिसर में एक भव्य शहीद दिवस परेड और श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।

मंडल सुरक्षा आयुक्त (रे.सु.ब., पूर्व मध्य रेल, सोनपुर) के नेतृत्व में रेल मंडल की विभिन्न यूनिटों के जवानों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर सपूतों को श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम की परंपरा के तहत विभिन्न रैंकों के बल सदस्यों ने एक-एक कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए और शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को सलाम किया।

शहीद दिवस परेड के दौरान जवानों ने शोक शस्त्र की मुद्रा में खड़े होकर अमर शहीदों को सलामी दी और पूरा परिसर देशभक्ति के नारों व सम्मान से गूंज उठा। इस अवसर पर वक्ताओं ने अपने संबोधन में आरपीएफ जवानों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और रेल यात्रियों की सुरक्षा के प्रति उनके अटूट समर्पण को याद करते हुए कहा कि शहीदों का यह बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणा स्त्रोत बना रहेगा। ज्ञात हो कि, पुलिस स्मृति दिवस हर वर्ष उन वीर पुलिस और सुरक्षाकर्मियों की याद में मनाया जाता है, जिन्होंने देश और समाज की रक्षा के लिए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए अपने प्राणों का उत्सर्ग कर दिया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *