प्रशासनिक अधिकारियों व कर्मियों को बांधी राखी, छात्राओं का रचनात्मक प्रतिभा
एन. के. सिंह/बेरमो (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में अनपति देवी सरस्वती शिशु विद्या मंदिर फुसरो में क्षाबंधन का पावन पर्व 27 अगस्त को हर्षोल्लास और पारंपरिक गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय की आचार्या श्वेता शर्मा एवं सोनाली कुमारी के नेतृत्व में कक्षा दशम की छात्राओं ने बेरमो थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर रोहित कुमार सिंह, बेरमो के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मुकेश कुमार तथा उनके साथ उपस्थित सभी पुलिस व प्रशासनिक कर्मचारियों को रक्षा सूत्र बांधा।
इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने सभी के दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए समाज की सुरक्षा और सेवा के लिए उनका आभार व्यक्त किया। अधिकारियों व कर्मियों ने भी छात्राओं को स्नेहपूर्वक आशीर्वाद देते हुए उनकी सुरक्षा और उज्ज्वल भविष्य का संकल्प लिया।
रक्षाबंधन पर्व के उपलक्ष्य में विद्यालय परिसर में विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में कक्षा तृतीय से पंचम तक की छात्राओं ने आकर्षक एवं मनमोहक रंगोलियां सजाईं। वहीं मेंहदी प्रतियोगिता में कक्षा षष्ठम से अष्टम तक की छात्राओं ने अपनी हथेलियों पर पारंपरिक व आधुनिक मेंहदी की सुंदर आकृतियां उकेरीं। जबकि, राखी बनाओ प्रतियोगिता में कक्षा नवम एवं दशम की छात्राओं ने हस्तनिर्मित और पर्यावरण-अनुकूल राखियां बनाकर अपनी कला का शानदार प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के सफल मूल्यांकन के लिए निर्णायक मंडली में मारवाड़ी महिला समिति की प्रमुख सदस्य हिमांशी अग्रवाल, पूनम अग्रवाल, दीपिका खेतान, संगीता अग्रवाल एवं उनकी सहयोगी सदस्य उपस्थित रहीं। उन्होंने छात्राओं की मौलिकता और प्रतिभा की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। कार्यक्रम में मुख्य रूप से संकुल संयोजक धीरज कुमार पांडेय उपस्थित रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य सुधीर कुमार सिंह एवं सचिव अमित कुमार सिंह ने सभी प्रतिभागी छात्राओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें भारतीय संस्कृति के मूल्यों को संजोए रखने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान विद्यालय के सभी आचार्य दीदी एवं कर्मचारी बंधु भगिनी का सराहनीय योगदान रहा।
![]()













Leave a Reply