भाकपा माले नेता दिवंगत कॉ महेन्द्र सिंह पर विशेष अशोक सिंह/बगोदर(गिरिडीह)। झारखंड (Jharkhand) की क्रांतिकारी राजनीति में साहसी नेताओं की जब भी बात होगी, निःसंदेह महेंद्र सिंह अग्रिम पंक्ति में नजर आएंगे। मौत का स्वागत जीवन के बसंत की तरह आत्मसात करने वाले क्रांतिकारी विसात के साहसी योद्धा महेंद्र सिंह (Mahendra singh) ने सड़क से लेकर सदन तक जीवन के अंतिम क्षण तक संघर्षरत रहे। इतना ही नहीं जनता की हिफाजत के लिए जीवन के अंतिम क्षण तक इस साहस को अक्षुण्ण रखा।
मानवीय मूल्यों को जीवंत बनाने के लिए इंकलाब की राह चुनने वाले महेंद्र सिंह को मौत का इल्म सपने में भी नहीं सताता था। जिंदगी का एक-एक लम्हा इंकलाब की रफ्तार को तेज करने में गुजार देने के जज्बे के साथ राजनीतिक जीवन में प्रवेश करने वाले कॉ महेंद्र सिंह का जन्म गिरिडीह जिले के हद में बगोदर प्रखंड स्थित सुदूरवर्ती गांव खम्भरा में 22 फरवरी 1954 में हुआ था। गांव में ही स्कूली शिक्षा पाने वाले महेंद्र सिंह घुमक्कड़ स्वभाव के थे। उच्च शिक्षा से वंचित रह कर भी उन्होंने स्वाध्याय के जरिये न सिर्फ राजनीति शास्त्र, बल्कि दर्शन शास्त्र और अर्थ शास्त्र में गहरी पकड़ बनायी। भाकपा माले लिबरेशन के झंडे तले बगोदर और पुरे गिरिडीह जिले में सघन राजनीतिक आंदोलन को संगठित कर उसका कुशल नेतृत्व भी किया। गरीब-गुरबों की लड़ाई में हमेशा आगे रहने वाले कॉ महेंद्र सिंह ने जनवादी अधिकार के आंदोलनों की गोलबंदी कर और भी व्यापक बनाया। वर्ष 1990 में आइपीएफ (इण्डियन पीपुल्स फ्रंट) के बैनर तले और वर्ष 1995 व् 2000 में भाकपा (माले) से बगोदर का विधायक रहे। कॉ महेंद्र सिंह ने जनांदोलनों के नेतृत्व के कारण कई फर्जी मुकदमों में कारावास भी झेला था। विधायक रहने के दौरान आंकड़ों पर आधारित उनके लेख अखबारों की सुर्खियां बनती थी। जनतंत्र में गहरी आस्था रखने वाले महेंद्र सिंह को एक आदर्श कम्युनिस्ट नैतिकता का जीवन व्यवहार खास बनाता गया। उनसे मिलने वाले विरोधी भी उनसे मिलकर उन्हीं के मुरीद हो जाते थे। मार्क्सवाद के सूत्रों को देसी उदाहरणों से लोगों तक पहुंचाने की अद्भूत कला उन्हें ज्ञात था और एक जननायक की तरह वे गम्भीर विषयों की सरल व्याख्या करने में भी माहिर थे। जल-जंगल-जमीन से वृहत्तर सम्बंध में महेंद्र सिंह मार्क्सवादी दर्शन को जोड़ते थे। कॉ सिंह जनसमुदाय को सम्बोधित करते हुए अक्सर कहा करते थे मैं झूठा वायदा नहीं करता। मैं आपको धोखा नहीं दे सकता। मैं आपके सुख-दुख का साथी हूं। आपकी लड़ाई का साझेदार हूं। मैं इससे पीछे नहीं भाग सकता।
यही कारण है कि बगोदर या गिरिडीह जिला ही नहीं एकीकृत बिहार और बाद में बनी झारखंड के शोषित-पीड़ित अवाम हर मौके पर महेंद्र सिंह को ही याद करते थे। अवाम को भरोसा था कि कॉ सिंह हक और अधिकार की एक ऐसी आवाज हैं, जिन्हें कत्तई दबाया नहीं जा सकता। 16 जनवरी 2005 को विधानसभा चुनाव का नामांकन कर लौटने के क्रम में उनके अपने विधानसभा क्षेत्र के दुर्गी धवेया गांव में ग्राम सभा को सम्बोधित करने के बाद ग्रामीणों से बात कर रहे महेंद्र सिंह को कतिपय बंदूकधारियों ने मौत की नींद सुला दिया।
यहां यह विचारनिय है कि कॉ महेंद्र सिंह की जनअदालत से किसे खतरा था? जनता की जनवादी अधिकारों के लिए सड़क से सदन तक उनकी बुलंद आवाज से कौन सी ताकतें परेशान होती थी। शायद उनकी हत्या के साजिशकर्ता ऐसी ही ताकतें हो। बहरहाल महेन्द्र सिंह के बताए रास्ते पर जनवाद पसंद ताकतें अब भी पुरी शिद्दत से जुटी हैं।
![]()












Leave a Reply