Advertisement

मजदूर दिवस पर गुवा में भगवान बिरसा मुंडा को नमन, मजदूर हितों की उठी आवाज

मजदूरों के बिना दुनियां का कोई भी कार्य संभव नहीं है-रामा पांडेय

सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर बीते एक मई को पश्चिमी सिंहभूम जिला के हद में गुवा में कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस अवसर पर गुवा रेलवे मार्केट स्थित झारखंड मजदूर संघर्ष संघ कार्यालय में भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए कार्यक्रम आयोजित किया गया। मौके पर बड़ी संख्या में मजदूर एवं यूनियन पदाधिकारी उपस्थित रहे।

आयोजित मई दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडेय ने कहा कि मजदूरों के बिना दुनियां का कोई भी कार्य संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि गुवा सेल खदान क्षेत्र के मजदूर अपने खून-पसीने की मेहनत से उत्पादन कर देश के राजस्व को बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। इसके बावजूद सेल प्रबंधन द्वारा मजदूरों का शोषण किया जाता है और उनके अधिकारों का हनन होता है।

उन्होंने कहा कि झारखंड मजदूर संघर्ष संघ शुरू से ही मजदूरों के हक की आवाज उठाता रहा है और मजदूरों को उनका अधिकार दिलाने का कार्य करता आया है। आगे भी संगठन मजदूर हित में संघर्ष करता रहेगा। पांडेय ने धरती आवा भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि बिरसा मुंडा ने झारखंड को अलग राज्य बनाने के लिए अपना बलिदान दिया। उन्होंने मजदूरों और शोषित वर्ग के अधिकारों के लिए भी संघर्ष किया। हम सभी को उनके बताए रास्ते पर चलने की जरूरत है।

संघ की महिला उपाध्यक्ष चंद्रिका खण्डाईत ने भी मजदूरों के हितों को लेकर अपनी बातें रखीं और संगठन की एकजुटता पर बल दिया। कार्यक्रम में यूनियन के महामंत्री अंतर्यामी महाकुड़, किशोर सिंह, राजेश यादव, संजू गोच्छाईत, रोहित पांडेय, कमल मोदी, उमेश नाग, आरती होरो, लक्ष्मी साहु, लक्ष्मी बड़ाईक, हिलदा पूर्ति, रोशनी गोच्छाईत सहित अन्य उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *