टॉवर गिरने से विष्णुगढ के मजदूर की ओड़िशा में मौत

प्रहरी संवाददाता/विष्णुगढ़ (हजारीबाग)। झारखंड के हजारीबाग, बोकारो और गिरिडीह जिले में एक के बाद एक लगातार हो रही प्रवासी मजदूरों की मौत व् विदेशो में फंसने का सिलसिला नहीं थम रहा है। इसी कड़ी में अब हजारीबाग जिला के हद में बिष्णुगढ थाना क्षेत्र के मडमो के बेलियाटांड खेसर निवासी रूपलाल टुडू के 30 वर्षीय पुत्र कैलाश टूडू की मौत ओड़िशा में टाॅवर से गिरने से ईलाज के दौरान हो गई।

जानकारी के अनुसार मृतक कैलाश टूडु ओड़िशा के झासूगोड़ा में जिंदल कंपनी में कार्यरत था। बताया जाता है कि बीते 15 सितंबर को वह कार्य के दौरान अचानक टाॅवर से गिर गया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे घायल अवस्था में स्थानीय अस्पताल भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान बीते 21 सितंबर की रात दो बजे उसकी मौत हो गयी।

इसकी सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हैं। परिवार के पालन-पोषण का भी संकट खड़ा हो गया हैं। मृतक कैलाश टूडु अपने पीछे पत्नी सरिता देवी, पुत्र अजीत टुडू (06 वर्ष) और तीन साल की बेटी मुस्कान को छोड़ गया हैं।

प्रवासी मजदूरों के हित में कार्य करने वाले समाजसेवी सिकंदर अली ने इस घटना को लेकर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि झारखंड के नौजवानों का मौत के मुंह में समा जाने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई प्रवासी मजदूर की मौत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार मजदूर हित में कुछ पहल नहीं कर रही है।

जिससे मजदूरों का पलायन तेजी से हो रहा है। ऐसे में सरकार को स्थानीय स्तर पर रोजगार देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इस घटना को लेकर जिंदल कंपनी से मृतक के परिजन को मुआवजा दिलाने के लिए हरसंभव मदद करने का प्रयास किया जा रहा है।

 62 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *