हजारों कोल कर्मी, श्रमिक संघ प्रतिनिधि व् हितधारक तिरंगा सम्मान रैली में शामिल
एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। झारखंड की राजधानी रांची के सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय दरभंगा हाउस कैंपस में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 14 अगस्त को भव्य हर घर तिरंगा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सीसीएल के वरिष्ठ अधिकारियों, श्रमिक संघ के प्रतिनिधि, कोल कर्मियों एवं हितधारकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाते हुए राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति का संदेश दिया। इस दौरान भारत माता बनी एक छोटी बच्ची वैष्णवी कुमारी ने मार्च का नेतृत्व किया।
आयोजित तिरंगा यात्रा सम्मान कार्यक्रम में सीसीएल के निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (तकनीकी/संचालन) चंद्र शेखर तिवारी, निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) अनुप हंजुरा तथा मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) पंकज कुमार की खास उपस्थिति रही। सभी ने तिरंगा रैली में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस दौरान निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने कहा कि तिरंगे के प्रति सम्मान हर भारतीय के दिल में होना चाहिए। कहा कि तिरंगा केवल हमारा राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि यह देश की एकता, अखंडता, गौरव और करोड़ों भारतीयों की भावनाओं का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान हमें अपने राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को याद दिलाता है। उन्होंने सभी देशवासियों को राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
वहीं, सीसी एंड पीआर विभाग के विभागाध्यक्ष आलोक कुमार गुप्ता ने बताया कि सीसीएल मुख्यालय के साथ-साथ सीसीएल के सभी कोयला क्षेत्रों में बीते 9 अगस्त से हर घर तिरंगा कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है जो आगामी 17 अगस्त तक चलेगा। उन्होंने बताया कि विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित साइकिल रैली, पैदल मार्च, बाइक रैली एवं अन्य कार्यक्रमों में न सिर्फ कर्मी बल्कि बड़ी संख्या में श्रमिक संघ के प्रतिनिधि, हितधारक, स्थानीय ग्रामीण, युवा, बच्चे एवं उनके परिवारजन भी उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं जो तिरंगे के प्रति सम्मान, हर-घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा, हर-मन तिरंगा और राष्ट्रप्रेम का संदेश दे रहा है।
सीसीएल मुख्यालय रांची में आयोजित कार्यक्रम में वंदे मातरम् की धुन पर प्रस्तुत देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक नृत्य ने उपस्थित जनसमूह में उत्साह और ऊर्जा का संचार किया। तिरंगे के सम्मान और कोल श्रमिकों के राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को प्रतिबिंबित करता भव्य सेल्फी प्वाइंट भी कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा, जिसमें सीसीएल के ताऊ भी विशेष आकर्षण के केंद्र बने थे। तिरंगे की थीम पर सुसज्जित इस सेल्फी प्वाइंट ने उपस्थित कोल कर्मियों एवं अतिथियों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।
बड़ी संख्या में कर्मियों ने यहां तस्वीरें खिंचवाकर राष्ट्रप्रेम और हर घर तिरंगा अभियान के संदेश को अपने साथ साझा किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कोल कर्मियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। पूरा सीसीएल मुख्यालय देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया और वंदे मातरम् के जयघोष से पूरा परिसर गूंजायमान रहा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गीत एवं राष्ट्रीय गान के साथ किया गया। मौके पर उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रध्वज के सम्मान और देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दुहराई।
![]()













Leave a Reply