Advertisement

बच्चों के अधिकार को लेकर सहयोगिनी द्वारा स्कूल इंटरवेंशन कार्यक्रम

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। गैर सरकारी संस्था सहयोगिनी द्वारा 27 जुलाई को बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय जामकुदर में शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण एवं बच्चों के अधिकारों पर आधारित स्कूल इंटरवेंशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य, संतुलित पोषण, स्वच्छता तथा बाल अधिकारों के प्रति जागरूक करना था, ताकि वे सुरक्षित, स्वस्थ एवं सम्मानजनक वातावरण में अपना सर्वांगीण विकास कर सकें।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सहयोगिनी संस्था के परियोजना समन्वयक प्रकाश कुमार महतो ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है।

यही उसके उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने, अनुशासन का पालन करने, सकारात्मक सोच विकसित करने तथा अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षित, स्वस्थ एवं जागरूक बच्चे ही समाज और राष्ट्र के सशक्त निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

इस अवसर पर एएनएम कुमारी मंजू ने बच्चों को स्वास्थ्य एवं पोषण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने संतुलित एवं पौष्टिक आहार, व्यक्तिगत स्वच्छता, हाथ धोने की सही आदत, स्वच्छ पेयजल के उपयोग, नियमित स्वास्थ्य जांच तथा स्वस्थ जीवन शैली अपनाने पर विशेष जोर दिया। साथ ही उन्होंने किशोर-किशोरियों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों, एनीमिया की रोकथाम तथा पोषणयुक्त भोजन के महत्व के बारे में भी जागरूक किया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को उनके अधिकारों के संबंध में भी जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, सम्मान एवं समान अवसर प्राप्त करने का अधिकार है। साथ ही बाल विवाह, बाल श्रम, हिंसा, शोषण एवं किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार के विरुद्ध सजग रहने तथा ऐसी किसी भी घटना की जानकारी अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित अधिकारियों को देने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और बाल अधिकारों से जुड़े विषयों पर प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। अंत में सभी विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने, स्वच्छता बनाए रखने, पौष्टिक भोजन करने तथा अपने अधिकारों और जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने का संकल्प दिलाया गया।

मौके पर विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका पुष्पांजलि देवी ने सहयोगिनी संस्था के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम बच्चों के ज्ञान, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा उन्हें एक सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं।

इस अवसर पर संस्था की एनिमेटर रेखा देवी, शिक्षक मधुसूदन चंद्र पॉल, कालीचरण, राजेंद्र कुमार महतो, कुमारी पुष्पांजलि, टेकलाल महतो, राधिका, अजमेरुन, जिल्लेहुमा, लक्ष्मी, मनीषा, नीरू सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिका एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्रा मौजूद रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *