सत्यलोक ने विद्यालयों में घूम-घूम कर किया पौधारोपण

प्रहरी संवाददाता/गोमियां (बोकारो)। स्वयंसेवी संस्था सत्यलोक-एक नई आशा ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून को बोकारो जिला के हद में गोमियां प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में घूम-घूम कर पौधारोपण किया। उक्त जानकारी सत्यलोक के संस्थापक एस. एन. राय ने दी।

राय ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सत्यलोक के सभी सक्रिय सदस्य सबसे पहले मध्य विद्यालय हजारी पहुंचे। वहां उन्होंने लगभग 15 पौधे लगाए। यहां उपस्थित बच्चों को पर्यावरण के महत्व तथा उसे बचाने के तरीके बताएं गये। इसके बाद सभी सदस्य नेहरू स्कूल स्वांग पहुंचे। वहां उन्होंने लगभग 10 पौधे लगाए। अंततः सत्यलोक के सदस्यगण प्लस टू हाई स्कूल गोमियां पहुंचकर लगभग 15 पौधे लगाए।

राय ने बताया कि आज का पूरा दिन सत्यलोक के सदस्यों ने स्वांग गोमियां क्षेत्र में विभिन्न जगह पर पौधे लगाने में बिताया। कई सदस्यों ने जो यहां उपलब्ध नहीं थे उन्होंने अपने-अपने घरों में पौधे लगाकर अपनी सेल्फी भेजी।

ज्ञात हो कि सत्यलोक संस्था कई वर्षों से अन्य समाजसेवा के कार्यों के साथ पौधारोपण भी करती रही है। संस्था द्वारा बोकारो जिला के हद में बेरमो प्रखंड के कथारा, जारंगडीह, बीटीपीएस आदि क्षेत्र में कई स्थानों पर पहले भी पौधारोपण कर चुकी है। इस संस्था द्वारा लगाए गए कई पौधे पूरी तरह से बड़े पेड़ बन चुके हैं।

संस्था के अध्यक्ष मनोज महतो ने बताया कि संस्था आगामी 13 जून को अपने स्थापना दिवस के मौके पर पुनः वृक्षारोपण करेगी तथा स्वांग ओल्ड माइनस के पंचायत भवन में मासिक धर्म जागरूकता का कार्यक्रम सहित कई उपयोगी सामग्रियों के वितरण का कार्यक्रम करेगी।

आज के कार्यक्रम को सफल बनाने में मुख्य रूप से रंजीत साव, त्रिलोकेश्वर नाथ महतो, प्रिया कुमारी, मनीष कुमार, गणेश कुमार रवि, तरुण राय, नव्य राय, वरुण कुमार, अंकित कुमार, चंदन कुमार, प्रथम आदि की भूमिका सराहनीय रहा।

 90 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *