सत्यलोक संस्थान द्वारा बच्चों के बीच दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन

प्रहरी संवाददाता/गोमियां (बोकारो)। सत्यलोक संस्था द्वारा एक नई आशा के तहत संस्था से जुड़े गरीब बच्चों के बीच दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी बच्चों को संस्था द्वारा टी-शर्ट दिया गया।

उक्त जानकारी देते हुए सत्यलोक के संस्थापक एस. एन. राय ने बताया कि सत्यलोक संस्था में पढ़ने वाले बच्चों के बीच 3 जून को दौड़ प्रतियोगिता गोमिया प्रखंड के हद में पिपराडीह स्थित मुर्गा ग्राउंड में आयोजित किया गया।

प्रतियोगिता में भाग लेने वाले बच्चे सुबह 6 बजे ग्राउंड पहुंच गए और उपहार में मिली टी – शर्ट पहन कर प्रतियोगिता में भाग लिए। दौड़ प्रतियोगिता में जीतने वाले बच्चो को मेडल के साथ साथ ट्रैक सूट, स्कूल बैग और जियोमेट्री बॉक्स इनाम में दिया गया।

राय ने बताया कि उक्त प्रतियोगिता के बालक वर्ग में प्रथम जोगेंद्र, द्वितीय गणेश तथा तृतीय स्थानीय लालचंद ने हासिल किया। जबकि बालिका वर्ग में प्रथम मुस्कान कुमारी, द्वितीय मंजू कुमारी तथा तृतीय स्थान पर सपना कुमारी रही।

प्रतियोगिता के मुख्य प्रायोजक कोलकाता के प्रसिद्ध अधिवक्ता अवनी कुमार राय ने बच्चों को आशीर्वाद दिया। राय ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य बच्चो में छिपे प्रतिभा को निखारना है, ताकि आगे और प्रशिक्षण देकर एक अच्छा धावक बनाया जा सके।

उन्होंने बताया कि ये सभी बच्चे अत्यंत गरीब परिवार से ताल्लुक रखते हैं। जिनकी शिक्षा दीक्षा का कार्य सत्यलोक संस्था की ओर से की जाती है। उनके बेहतर भविष्य के लिए संस्था लगातार काम कर रही हैं।

राय के अनुसार बीते 20 वर्षो से सत्यलोक समाज सेवा के लिए समर्पित है और पिछले दो वर्ष से लगभग 250 गरीब बच्चों को नि:शुल्क, बेहतर और नैतिक मूल्यों से परिपूर्ण शिक्षा देने का कार्य कर रही है। जरूरत पड़ने पर उन बच्चों का इलाज और अन्य देख रेख भी करते हैं।

उन्होंने बताया कि संस्था की नि:शुल्क शिक्षा का प्रोग्राम चार अलग अलग जगहों गांधीग्राम, पिपराडीह, नरकी एवं कथारा में चल रहा है। इन बच्चो को जीवन से जुड़ी हर पहलू का ज्ञान देकर उनके लिए एक बेहतर भविष्य सुनिश्चित करके, पिछड़े वर्गो को मुख्य समाज के बराबर में लाने के उद्देश्य से ये संस्था बीते बीस वर्षो से लगातार पूरी तत्परता के साथ काम कर रही हैं।

मौके पर संस्था के सत्यलोक के संस्थापक राय के अलावा विजय यादव, आनंद निषाद, जूलियस, सुबोध, गणेश कुमार रवि आदि मौजूद थे।

 265 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *