रांची में मुख्य सचिव का राजस्व उपनिरीक्षक करेंगे घेराव

— 11 सूत्री मांगों को लेकर 32 दिन से राजस्व उपनिरीक्षक कर रहे हैं हड़ताल

गिरिडीह: झारखंड राज्य राजस्व उप निरीक्षक संघ अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल के 33वें दिन मंगलवार को रांची में मुख्य सचिव का घेराव करेगा। घेराव करने संघ की गिरिडीह शाखा के सभी राजस्व उपनिरीक्षक रांची जाएंगे। राज्याध्यक्ष अमर किशोर प्रसाद सिन्हा व गिरिडीह शाखा के अध्यक्ष केवल राउत ने बताया कि 11 सूत्री मांगों को लेकर संघ की हड़ताल 32 दिन से चल रही है। अब तक सरकार की ओर से हमारी मांगों पर न तो कोई आश्वासन मिला है और न ही कोई निर्णय आया है। इसके पहले सात मार्च 2017, 23 दिसम्बर 2018 और 10 अक्टूबर 2019 को समझौते हो चुके हैं, लेकिन समझौतों को सरकार ने अभी तक लागू नहीं किया है। यही कारण है कि राजस्व उपनिरीक्षक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर है। इस बार जब तक मांगों को लेकर सरकार की ओर से अधिसूचना नहीं जारी की जाती है, तब तक अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी। 11 सूत्री मांगों में 24 सौ ग्रेड पे लागू करने, 50 प्रतिशत पदों पर वरीय राजस्व उपनिरीक्षकों को वरीयता के आधार पर और 50 प्रतिशत सीमित प्रतियोगिता परीक्षा के आधार पर प्रोन्नति देने, प्रतियोगी परीक्षा में कार्यानुभव 10 वर्ष की जगह 5 वर्ष करने, राजस्व प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने, लैपटॉप व इंटरनेट की सुविधा देने, हल्का इकाई का पुर्नगठन करने, सुरक्षा मुहैया कराने, रिक्त पदों पर अविलंब प्रोन्नति व नियुक्ति देने और पुरानी पेंशन योजना से जोड़ने की मांगें शामिल हैं।
मुख्य सचिव के घेराव कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्याध्यक्ष अमर किशोर प्रसाद सिन्हा करेंगे, जबकि आज की हड़ताल की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष केवल राउत ने की। हड़ताल में कोषाध्यक्ष जयदेव शर्मा, राजेश चौधरी, रामदेव राम, रितेश केशरी, अशोक दास, सुजीत पांडेय, इंद्रदेव पंडित, नीतू कुमारी पासवान, विजय चौधरी, बृजनंदन चौधरी, गौतम कुमार, दीनदयाल दास, दिनेश लालदास, दिनेश मोची, रितेश सिन्हा, अविनाश कुमार, अमरजीत साहू सहित जिले के सभी प्रखंडों के राजस्व उपनिरीक्षक शामिल रहे।

 178 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *