डिआरयूसीसी बैठक में महत्वपूर्ण सुझाव व् सुरक्षा-स्वच्छता सुविधाओं पर चर्चा
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल सभागार में 5 अगस्त को मंडलीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (डिआरयूसीसी) की छठवीं बैठक सफलतापूर्वक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक अमित सरन ने की।
जानकारी के अनुसार बैठक में समिति के 11 सदस्यों ने भाग लिया। बैठक के दौरान रेल मंडल क्षेत्र में यात्री सुविधाओं के विस्तार, ट्रेनों के समय पालन, स्टेशनों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, स्वच्छता, सुरक्षा, पेयजल, प्रतीक्षालय और टिकटिंग व्यवस्था समेत यात्रियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गयी।

इस अवसर पर समिति सदस्यों ने यात्री हित में कई महत्वपूर्ण सुझाव रखे। मंडल प्रशासन ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुना और उन पर सकारात्मक विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक अमित सरन ने कहा कि सोनपुर रेल मंडल यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और बेहतर रेल सेवाएं प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि डिआरयूसीसी सदस्यों के सुझाव रेल प्रशासन और यात्रियों के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु का काम करते हैं।
बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक सुमन कुमार तांती, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक धीरज कुमार सहित सोनपुर रेल मंडल के सभी शाखा अधिकारी और समिति के गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गया।
![]()













Leave a Reply