देश के प्रति समर्पित होकर कार्य करें रेल कर्मचारी-नीलमणि

सोनपुर रेल मंडल में हर्षोल्लास एवं उमंग के साथ मनाया गया गणतंत्र दिवस समारोह

अवध किशोर शर्मा/सोनपुर (सारण)। सोनपुर रेल मंडल प्रबंधक नीलमणि ने 74वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर मंडल कार्यालय परिसर में झंडोत्तोलन किया। इस अवसर पर यहां कई प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

मंडल रेल प्रबंधक ने मंडल की अब तक की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए सभी रेल कर्मचारियों को देश के प्रति समर्पित होकर कार्य करने का आह्वान किया। रेलवे स्टेडियम सोनपुर में आयोजित 74वें गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने उपरोक्त बातें कहीं।

इससे पूर्व मंडल रेल प्रबंधक ने ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान के उपरांत मंडल रेल प्रबंधक को रेल सुरक्षा बल ने सलामी दी। मंडल रेल प्रबंधक द्वारा गारद का भी निरीक्षण किया गया।

सोनपुर मंडल की ओर से सभी को शुभकामनाएं देते हुए डीआरएम नीलमणि ने कहा कि यह मंडल देश-सेवा एवं बेहतर यात्री-सुविधा मुहैया कराने की दिशा में प्रारंभ से ही कृत-संकल्पित रहा है। आजादी के अमृत महोत्सव के अन्तर्गत सोनपुर मंडल में वित्त वर्ष 2022-23 में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है।

इसके अन्तर्गत खुदीराम बोस पूसा स्टेशन पर शहीद खुदीराम बोस शहादत दिवस स्मरणोत्सव का आयोजन किया गया। साथ ही हर घर तिरंगा योजना के तहत प्रत्येक रेल कर्मचारी ने अपने-अपने घरों पर पिछले वर्ष 2022 में 13 से 15 अगस्त तक सम्मानपूर्वक झंडा फहराया।

कार्यक्रम के अगले चरण में यहां सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्काउट एवं गाइड तथा मंडल कला समिति सदस्यों द्वारा प्रस्तुत देश भक्ति से ओतप्रोत लोक लुभावन नृत्यों ने दर्शकों पर जादू सा असर किया।

रहिवासियों ने कलाकारों की जमकर प्रशंसा की, जिससे कार्यक्रम में चार चांद लग गए। इसके बाद महिला कल्याण संगठन सोनपुर के कार्यक्रम में संगठन की अध्यक्षा द्वारा टैलेंट हंट के विजेताओं को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया।

मौके पर मंडल रेल प्रबंधक द्वारा स्काउट एंड गाइड्स के सदस्यों को 18 वीं राष्ट्रीय जम्बूरी के प्रमाण पत्र का वितरण किया गया। मंडल रेल प्रबंधक द्वारा कर्मचारी कल्याण निधि फंड से कर्मचारियों के आश्रितों को शैक्षणिक योग्यता प्राप्ति हेतु आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई।

मुख्य कार्यक्रम के अंत में मंडल रेल प्रबंधक एवं अध्यक्षा, महिला कल्याण संगठन, सोनपुर तथा अन्य उपस्थित अधिकारियों द्वारा गुब्बारा उड़ाकर शांति का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में मंडल कार्यालय के सभी अधिकारीगण एवं सभी एसोसिएशन के प्रतिनिधिगण, स्काउट एंड गाइड के सदस्य एवं कर्मचारीगण उपस्थित थे।

 

 173 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *