अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण पुलिस ने बीते 25 जुलाई को जिला मुख्यालय छपरा के थाना चौक और नगरपालिका चौक पर उपद्रव मामले में 26 जुलाई को दो प्रेस विज्ञप्ति जारी की है।
पुलिस के अनुसार बीते 25 जुलाई को प्रातः 8:30 से दोपहर एक बजे तक छात्र विरोध-प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा था। सभी संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात था। दोपहर लगभग 1:30 बजे तरैया थाना पुलिस न्यायिक अभिरक्षा में निरुद्ध एक कैदी को न्यायालय में उपस्थापन हेतु ले जा रही थी। इसी दौरान नगरपालिका चौक एवं थाना चौक के समीप जुलूस में शामिल कुछ उपद्रवी तत्वों ने बिना कारण पुलिस बल पर अचानक पथराव और हमला कर दिया।
विज्ञप्ति के अनुसार उपद्रवियों ने नगरपालिका चौक के समीप तरैया थाना के सरकारी वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। लोक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया और आम जनों व मीडियाकर्मियों पर लाठी-डंडे, ईंट-पत्थर से हमला किया। इस घटना में लगभग 20 प्रशासनिक और पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। इसके बावजूद पुलिस बल ने संयम, साहस और तत्परता से कैदी को भीड़ से सुरक्षित निकाल कर न्यायालय में उपस्थित कराया।
पुलिस के अनुसार सरकारी संपत्तियों को हुई क्षति का आकलन और सत्यापन किया जा रहा है। इस मामले में भगवान बाजार थाना एवं नगर थाना में सुसंगत धाराओं के अंतर्गत कांड दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ हो रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कोई भी गिरफ्तारी सूक्ष्म जांच और ठोस साक्ष्य के आधार पर ही की जाएगी। सोशल मीडिया पर उपलब्ध वीडियो और फोटो के आधार पर 114 उपद्रवियों की तस्वीर प्रकाशित की गई है। तस्वीरों में हिंसक प्रदर्शन, ईंट-पत्थरबाजी, बैरिकेडिंग तोड़ने, पुलिस की ढाल लूटने और पुलिस पर हमला करने वाले चिन्हित हैं।
सारण पुलिस ने आमजनों से अपील की है कि फोटो के क्रम संख्या के अनुसार संदिग्ध आरोपियों की पहचान कर निम्न नंबर पर सूचना दें -वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण – 9031827135 पुलिस उपाधीक्षक, मुख्यालय – 9031827144 जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष – 9031036406 नगर थानाध्यक्ष – 9031827154। पुलिस ने भ्रामक सूचना पर ध्यान न देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है। कहा गया कि छात्र की आड़ में हिंसा करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के लिए जिला पुलिस प्रतिबद्ध है।
![]()













Leave a Reply