Advertisement

सारंडा में आंधी-बारिश से जनजीवन प्रभावित, हाट-बाजार व् क्रिकेट प्रतियोगिता बाधित

सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। पश्चिमी सिंहभूम जिला के हद में सारंडा क्षेत्र में 2 मई की दोपहर लगभग 12:15 बजे के बाद अचानक मौसम ने करवट ले ली। तेज आंधी और हवाओं के साथ शुरू मूसलाधार बारिश ने सारंडा क्षेत्र के किरीबुरू, मेघाहातुबुरु समेत आसपास के इलाकों में जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया।

बताया जाता है कि आंधी के साथ अचानक आई तेज बारिश के कारण कई घरों की छतों से पानी रिसकर अंदर घुस गया, जिससे रहिवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। ग्रामीण इलाकों में स्थिति और भी गंभीर रही, जहां रहिवासी घरों से पानी निकालने में जुटे रहे।

ज्ञात हो कि, बारिश का सीधा असर मेघाहातुबुरु में लगने वाली प्रसिद्ध शनिचरा हाट पर पड़ा, जहां दुकानें नहीं लग सकी और व्यापार पुरी तरह प्रभावित हो गया। वहीं किरीबुरू मैदान में चल रहे क्रिकेट प्रतियोगिता भी पूरी तरह बाधित हो गई। बाहरी क्षेत्रों से आए खिलाड़ी और आयोजन समिति के सदस्य मौसम की मार से परेशान नजर आए। लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में अचानक भारी गिरावट दर्ज की गई।

हालात ऐसे रहे कि दिन के समय भी क्षेत्र के रहिवासियों को ठंड का एहसास होने लगा, जिससे मौसम ने एक बार फिर सर्दी जैसा माहौल बना दिया। इस बावत स्थानीय रहिवासियों ने बताया कि अचानक बदले मौसम ने उनके दैनिक कार्यों पर भी असर डाला है। यदि बारिश का दौर जारी रहा तो आम जनजीवन पर इसका असर और बढ़ सकता है।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *