जदयू विधायक के घर के पास युवक की चाकू मारकर हत्या

संतोष कुमार झा/ मुजफ्फरपुर (बिहार)। दरभंगा (Darbhanga) जिला के हद में नगर थाना इलाके के शिवाजी नगर में 10 अगस्त को दिन दहाड़े एक युवक को चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर बुरी तरह जख्मी कर दिया गया। घायल युवक मुकेश कुमार को आनन फानन में दरभंगा के डीएमसीएच अस्पताल भेजा गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। लोगों का पुलिस के प्रति आक्रोश देखा जा रहा है। घटनास्थल से महज कुछ ही दूरी पर जदयू विधायक अमरनाथ गामी का भी आवास है। मामले में पुलिस जांच कर रही है।

घटना के बाद मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल के साथ सिटी एसपी योगेंद्र कुमार भी पहुंचे, जहां उन्हें मुहल्ले के रहिवासियों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। योगेंद्र कुमार ने परिजन के साथ साथ मुहल्ले के लोगों से घटना की पूरी जानकारी ली। इस हत्या के पीछे का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। बताया जाता है कि हमलावर आपराधिक प्रवृति का है और मुहल्ले में कई जगहों से रंगदारी भी वसूल करता है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी कई बार आपराधिक घटना को अंजाम देता रहा है, लेकिन मुहल्ले वाले डर से उसके खिलाफ बयान नहीं देते हैं। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी को लोगो ने उसके पूरे आपराधिक इतिहास की जानकारी दी। साथ ही पुलिस जदयू विधायक अमरनाथ गामी से भी जानकारी हासिल किया। इधर मीडिया से बात करते हुए सिटी एसपी योगेंद्र कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने जांच की बात कह घटना के पीछे के कारणों को स्पष्ट नहीं किया।

 295 total views,  1 views today

You May Also Like