अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में हरिहरक्षेत्र सोनपुर स्थित प्रसिद्ध ऐतिहासिक बाबा हरिहरनाथ मंदिर परिसर में बीते 21 जून को वैदिक आरोग्यम न्यूरोथेरेपी के सहयोग से पुनः निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया।
चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ नवीन शर्मा के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में सायटिका, स्लिप डिस्क, सर्वाइकल, घुटने के दर्द और लकवा (पैरालिसिस) जैसी नसों से जुड़ी गंभीर बीमारियों से पीड़ित 25 मरीजों की जांच की गई और उन्हें प्राकृतिक थेरेपी के जरिए त्वरित राहत पहुंचाई गई। आम जनों की सुविधा के लिए स्वास्थ्य शिविर का आयोजन प्रत्येक रविवार को किया जा रहा है। न्यास समिति की यह सराहनीय पहल मरीजों के लिए वरदान साबित हो रहा है।

बाबा हरिहरनाथ मंदिर न्यास समिति द्वारा जन-कल्याण के उद्देश्य से शुरू की गई यह पहल असाध्य बीमारियों से जूझ रहे आम जनों के लिए वरदान साबित हो रहा है। मंदिर न्यास समिति के सचिव विजय कुमार सिंह ने कहा कि आध्यात्मिक स्थलों पर इस तरह की स्वास्थ्य सेवाओं का जुड़ना स्थानीय रहिवासियों के लिए बेहतरीन सुविधा है। उन्होंने इस पुनीत कार्य के लिए वैदिक आरोग्यम न्यूरोथेरेपी के मार्गदर्शक डॉ नवीन शर्मा और उनकी पूरी टीम को साधुवाद दिया। कहा कि अपनी चिकित्सा पद्धति से वे आमजनों को नया जीवन प्रदान कर उनमें खुशियाँ बांट रहे हैं।

एक अन्य सराहनीय कदम के तहत, नीट परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों की सुविधा के लिए इस अवसर पर विशेष व्यवस्था की गई। बाबा हरिहरनाथ मंदिर न्यास समिति और राज्य धार्मिक न्यास पर्षद की ओर से वैशाली जिला के हद में हाजीपुर व बिहार की राजधानी पटना परीक्षा केंद्रों की ओर जाने वाले सड़क मार्ग पर मुफ्त शुद्ध पेयजल और ग्लूकोज युक्त शरबत का वितरण किया गया, जिससे भीषण गर्मी में परीक्षार्थियों को काफी राहत मिली।
![]()













Leave a Reply