आदिवासी महोत्सव, मंईयां सम्मान, अबुआ आवास एवं मनरेगा का किया उल्लेख
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। देश की आजादी के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को पुलिस लाइन मैदान, सेक्टर-12 बोकारो में झारखंड सरकार के मंत्री पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग योगेंद्र प्रसाद ने राष्ट्र ध्वज फहराया। उन्होंने आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में परेड की सलामी ली। इस अवसर पर उन्होंने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामना एवं बधाई दी।
इस अवसर पर मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि 15 अगस्त 1947 को भारत ने स्वतंत्रता प्राप्त कर विश्व पटल पर एक स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान स्थापित की। उन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों एवं महान विभूतियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। साथ ही भगवान बिरसा मुंडा, तिलका मांझी, सिद्धो-कान्हू, शेख भिखारी, वीर बुधु भगत सहित झारखंड के सभी वीर सपूतों को स्मरण करते हुए उनके योगदान को प्रेरणास्रोत बताया।
मंत्री ने कहा कि आज देश जहां विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है, वहीं झारखंड भी निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान तक पहुंच रहा है तथा आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव दिख रहा है। उन्होंने कहा कि झारखंड की पहचान उसकी गौरवशाली आदिवासी संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़ी है। राज्य सरकार द्वारा आदिवासी विरासत को संरक्षित एवं प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आदिवासी महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। कहा कि इस वर्ष बोकारो में भी इसका सफल आयोजन किया गया, जिसके लिए जिला प्रशासन एवं संबंधित सभी पदाधिकारी-कर्मी बधाई के पात्र है।
मंत्री ने महिला सशक्तीकरण की दिशा में बोकारो जिला प्रशासन द्वारा आयोजित सखी महोत्सव की भी सराहना की तथा कहा कि इससे स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को अपने उत्पादों के विपणन का बेहतर अवसर मिला है। महिलाएं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। कहा कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत जिले की 3.33 लाख से अधिक महिलाओं को लाभान्वित किया गया है। यह योजना महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुई है।
उन्होंने कहा कि वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन योजनाओं सहित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के माध्यम से लाखों लाभुकों को सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं महिलाओं, बच्चों, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक समुदाय के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही है। कहा कि जिले में शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण सुधार के लिए नि:शुल्क पाठ्य पुस्तक, स्कूल बैग, स्मार्ट क्लास एवं कंप्यूटर शिक्षा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। वहीं स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए सदर अस्पताल में इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब की स्थापना की गई है तथा गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना का लाभ दिया जा रहा है।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी अबुआ आवास योजना के तहत हजारों जरूरतमंद परिवारों को आवास उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं मनरेगा के विभिन्न मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बोकारो जिले ने राज्य में दूसरा स्थान प्राप्त किया है, जो पूरे जिले के लिए गौरव की बात है। कृषि, खेल एवं पर्यटन को लेकर मंत्री ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए कृषि ऋण माफी, बीज वितरण, किसान क्रेडिट कार्ड एवं किसान पाठशाला जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। कहा कि खेल के क्षेत्र में जिले के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन किया है।
उन्होंने बताया कि बोकारो जिला में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लुगुबुरु घंटाबाड़ी धोरोमगढ़ सहित विभिन्न पर्यटन स्थलों का विकास किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। अंत में उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास, सुशासन एवं जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने रहिवासियों से झारखंड को विकसित, समृद्ध एवं आत्मनिर्भर राज्य बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने पुनः सभी जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामना देते हुए जय हिंद, जय भारत के उद्घोष के साथ अपने संबोधन का समापन किया।
![]()













Leave a Reply