एस. पी. सक्सेना/पटना (बिहार)। बिहार में अपराधियों को अपराध करने की खुली छूट है। उन्हें रोकने अथवा उनके खिलाफ आवाज उठानेवालो की खैर नहीं है। यही कारण है कि यहां आवाज उठानेवाले पत्रकार को भी अपराधी नहीं बकसते और पुलिस हांथ पर हांथ धरे आरोपी को गिरफ्तार करने के बजाये आरोपी के आत्मसमर्पण का इंतजार करती रहती है।
सारण जिला के हद में सोनपुर प्रखंड के हरिहरनाथ थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध काली घाट पर क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार अवध किशोर शर्मा पर बीते माह 28 जुलाई को जानलेवा हमला करने का मुख्य आरोपी अब भी फरार है। आरोपी की पहचान सबलपुर हस्ती टोला रहिवासी शत्रुध्न राय के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि श्रावणी मेले में पुलिस की व्यस्तता का लाभ उठाकर आरोपी लगातार फरार चल रहा है।
ज्ञात हो कि, काली घाट पर लगने वाले विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले की तैयारी का समाचार संकलन और फोटोग्राफी करने गए *जगत प्रहरी* के सारण जिला प्रभारी पत्रकार शर्मा पर अचानक हमला कर दिया गया था। आरोप है कि आरोपी शत्रुध्न राय ने पिस्टल के बट से उनके सिर पर वार कर उन्हें गंभीर रूप से जख्मी कर दिया, जबकि उसके सहयोगियों ने भी पत्रकार की बेरहमी से पिटाई कर जान मारने का प्रयास किया।
इस मामले में पत्रकार शर्मा द्वारा की गई शिनाख्त के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना के एक सप्ताह बाद सारण सांसद राजीव प्रताप रूडी तथा सोनपुर विधायक विनय सिंह के हस्तक्षेप से एक सहयोगी आरोपी सोनू को गिरफ्तार कर छपरा मंडल कारा भेज दिया, जबकि मुख्य आरोपी शत्रुध्न राय अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, हरिहरनाथ थाना पुलिस इन दिनों श्रावणी मेले की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन में सप्ताह के चार दिन अत्यधिक व्यस्त रहती है, इसी का फायदा आरोपी को मिल रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि उसकी तलाश जारी है। इधर, मुख्य आरोपी को पकड़वाने के लिए सबलपुर की चारों पंचायत में अनेक गणमान्य जन सक्रिय है। कई सामाजिक कार्यकर्ताओं को कहा गया है कि जैसे ही मुख्य आरोपी राय का सुराग मिले, तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि उसे कहीं भी संरक्षण न मिल सके।
इधर इस हमले को लेकर आम जनमानस में भारी आक्रोश है। पत्रकार शर्मा पूर्व में शिक्षक और अधिवक्ता के रूप में भी अपनी पहचान बना चुके हैं और वर्तमान में पत्रकारिता से जुड़े हैं। इसलिए खासकर क्षेत्र के शिक्षक समुदाय और अधिवक्ता वर्ग में भी इस घटना को लेकर गहरी नाराजगी है। क्षेत्र के कई पत्रकार संगठनों, साहित्यकारों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने इस कायराना हमले की कड़ी निंदा करते हुए फरार मुख्य आरोपी की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की है।
![]()













Leave a Reply