Advertisement

बीएसएनएल टावर बैटरी चोरी कांड में चार सोलर बैटरी बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार

बैटरियों की बरामदगी व् आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान-सर्किल इंस्पेक्टर

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार थाना पुलिस ने वर्ष 2025 में खुदीबेड़ा स्थित बीएसएनएल टावर से हुई सोलर बैटरी चोरी मामले का उद्भेदन करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस ने आरोपी के निशानदेही पर चोरी की चार सोलर बैटरियां भी बरामद की हैं। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में बड़ी सफलता माना जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते वर्ष 23-24 अगस्त 2025 की रात ग्राम खुदीबेड़ा स्थित बीएसएनएल टावर से अज्ञात अपराधियों ने टावर में लगी 68 बैटरियों में से कई सोलर बैटरियां चोरी कर ली थीं। घटना के बाद टावर के गार्ड घलटु करमाली की लिखित शिकायत पर 7 अक्टूबर 2025 को कसमार थाना में कांड संख्या 71/25 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 334 एवं 305(ए) में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर रही थी। इसी क्रम में बीते 24 जुलाई को कसमार पुलिस ने रामगढ़ जिला के हद में गोला थाना क्षेत्र के मुरपा रहिवासी अशोक यादव (पिता- कुलदीप यादव) को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर चोरी की चार सोलर बैटरियां बरामद की गईं।

छापेमारी अभियान में कसमार थाना प्रभारी कुंदन कुमार, सहायक अवर निरीक्षक रोजिद आलम, हवलदार रामनाथ मरांडी तथा आरक्षी मासूम रजा रिजवी शामिल थे।
पुलिस के अनुसार मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और शेष चोरी गई बैटरियों की बरामदगी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

सर्किल इंस्पेक्टर जरीडीह अंचल शैलेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि कसमार पुलिस अपराधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की चार सोलर बैटरियां बरामद की गई हैं। उन्होंने कहा कि इस कांड में शामिल अन्य अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है। उन्होंने आम जनों से भी अपील की कि यदि किसी को चोरी की बैटरियों अथवा संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य चोरी की सभी बैटरियों की बरामदगी कर पूरे गिरोह का पर्दाफाश करना है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *