स्टील प्रबंधन की संवेदनहीनता बर्दाश्त नहीं, पीड़ित को शीघ्र मिले न्याय-डॉ लंबोदर
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो के एडीएम बिल्डिंग परिसर में बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) के दिवंगत कर्मचारी स्वर्गीय सुभाष चंद्र मोदी के परिजनों द्वारा आश्रित नियोजन की मांग को लेकर जारी अनिश्चितकालीन अनशन को 24 जुलाई को गोमिया के पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो ने अपना समर्थन दिया। उन्होंने अनशन स्थल पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की, उनकी समस्याएं सुनीं और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
इस दौरान पूर्व विधायक ने कहा कि किसी कर्मचारी द्वारा जीवनभर संस्थान की सेवा करने के बाद उसके निधन पर उसके परिवार को अपने अधिकार के लिए सड़क पर उतरकर अनिश्चितकालीन अनशन करना पड़े, इससे बड़ी संवेदनहीनता और दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल एक परिवार का नहीं, बल्कि उन सभी कर्मचारियों के विश्वास से जुड़ा है जो वर्षों तक संस्थान की सेवा करते हैं।
परिजनों ने आरोप लगाया कि स्वर्गीय मोदी के इलाज के दौरान भी बोकारो स्टील प्रबंधन ने अपेक्षित सहयोग नहीं किया। अब उनके निधन के बाद आश्रित को नियोजन देने के मामले में भी लगातार टालमटोल की जा रही है, जिससे पूरा परिवार आर्थिक और मानसिक संकट से गुजर रहा है।
डॉ महतो ने स्टील प्रबंधन से तत्काल मानवीय दृष्टिकोण अपनाने की अपील करते हुए कहा कि पीड़ित परिवार की मजबूरी को उसकी कमजोरी नहीं समझा जाना चाहिए।

उन्होंने मांग की कि दिवंगत कर्मचारी के आश्रित को उसकी योग्यता के अनुरूप अविलंब नियोजन दिया जाए, ताकि परिवार सम्मानपूर्वक जीवनयापन कर सके। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रबंधन ने शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो उसे जनता के बीच जवाब देना पड़ेगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि न्याय की इस लड़ाई में वे पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं और उनके अधिकार दिलाने के लिए हर स्तर पर आवाज उठाते रहेंगे।
![]()













Leave a Reply