रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। तैलिक कल्याण समिति चास प्रखंड की बैठक 10 जून को गांधी विचार मंच कार्यालय बोकारो के सेक्टर-12 एफ/2160 में आयोजित किया गया। अध्यक्षता समिति के चास प्रखंड अध्यक्ष शंकर गोराई तथा संचालन भागवत गोराई ने किया। बैठक में संगठन विस्तार, समाज की एकजुटता तथा विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सरोज कुमारी उपस्थित थी। वहीं जिलाध्यक्ष विनेश कुमार नायक, जिला प्रवक्ता विमल नायक सहित प्रदीप कुमार गोराई, सहदेव साव, अजय कुमार नायक, मदन गुप्ता, कमलेश कुमार, संतोष गोराई, गोपाल चंद गोराई, मुकेश बजरंगी, बुद्धेश्वर गोराई, महेश्वर गोराई, दशरथ साव एवं फूलेश्वर नायक समेत कई सदस्यगण बैठक में मौजूद रहे।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने के लिए गांव-गांव में बैठकें आयोजित की जाएंगी तथा समाज के गणमान्य जनों को समिति से जोड़ने का अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा समाज के शैक्षणिक, सामाजिक एवं आर्थिक विकास को लेकर भी विभिन्न सुझावों पर चर्चा की गई। अगली बैठक जुलाई माह में जिला के हद में सतनपुर में आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
इस अवसर पर सरोज कुमारी ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक शक्ति उसकी एकता और संगठन में निहित होती है। तैलिक समाज को सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए संगठित प्रयासों की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि समाज के युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाकर संगठन को नई ऊर्जा दी जाएगी। गांव-गांव में बैठक कर आमजनों को जागरूक किया जाएगा तथा समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने, जरूरतमंद परिवारों की सहायता करने और सामाजिक कुरीतियों को दूर करने के लिए भी समिति सक्रिय भूमिका निभाएगी। उन्होंने सभी से समाजहित में एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
जिलाध्यक्ष विनेश कुमार नायक ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए पंचायत और गांव स्तर तक इसकी सक्रियता जरूरी है। उन्होंने कहा कि समाज के हर रहिवासी को संगठन से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा, ताकि समाज की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाया जा सके और उनके समाधान की दिशा में कार्य किया जा सके।
अजय कुमार नायक ने कहा कि समाज के विकास के लिए सभी को मिल-जुलकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि सामाजिक एकता, शिक्षा और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा, जिससे समाज को नई दिशा मिल सके। सहदेव साव ने कहा कि समाज की प्रगति के लिए संगठन का मजबूत और सक्रिय होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि समिति के सदस्य गांव-गांव जाकर तैलिक समाज के आम रहिवासियों को संगठन की गतिविधियों से जोड़ेंगे तथा समाज के बीच जागरूकता अभियान चलाएंगे।
उन्होंने कहा कि शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सहयोग और युवा नेतृत्व को बढ़ावा देने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे। कहा कि समाज को आपसी भाईचारे और सहयोग की भावना के साथ कार्य करना चाहिए, तभी समाज का समग्र विकास संभव हो सकेगा। बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने संगठन विस्तार और समाजहित में सक्रिय रूप से कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर उपस्थित जनों ने तैलिक समाज की एकता और विकास के लिए मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
![]()













Leave a Reply