एन. के. सिंह/फुसरो (बोकारो)। असहाय जन संघर्ष समिति की बैठक 23 नवंबर को बोकारो जिला के हद में फुसरो के शर्मा कॉलोनी मे आयोजित किया गया। अध्यक्षता महिला अध्यक्ष फुलेश्वरी देवी की ने की।
बैठक में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि झारखंड गठन के बाद सरकार ने राज्य के विकास के लिए हर क्षेत्र में पहल की है। अब भी महिला सुरक्षा और महिलाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार को पहल करने की आवश्यकता है। बैठक में महिलाओं ने खुलकर अपनी बातें रखी। महिलाओं ने सरकार की नीतियों और योजनाओं की सराहना भी की। कहा कि कई ऐसे क्षेत्र हैं जो अब भी महिलाओं से अछूते हैं। विशेष रूप से महिला सुरक्षा के नाम पर यहां बहुत कुछ किया जाना बाकी है।
बैठक में कहा गया कि फुसरो जैसे खूबसूरत शहर में कई ऐसे इलाके हैं, जहां नालियां बजबजा रही हैं.. आये दिन महिलाओं के साथ अपराध हो रहे हैं, बल्कि पहले से अपराध बढ़ गये हैं। ज्यादातर स्ट्रीट लाइट और वेपर लाइट खराब रहती हैं।
महिलाएं शाम को घर से निकलने में डरती है। सरकार को चाहिए कि राज्य गठन के इतने वर्षों के बाद अब सबसे पहले महिला सुरक्षा के लिए ठोस पहल करे, तभी सही मायनों में झारखंड का विकास होगा। कहा गया कि राज्य की महिलाओं में प्रतिभा है। उनकी उसी प्रतिभा के बल पर उन्हें अवसर और सुविधाएं दी जानी चाहिए। सरकार को सबको एक समान दृष्टि से देखना चाहिए। झारखंड में महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर कम हैं। सरकार को महिलाओं को भी रोजगार देने की दिशा में कदम उठाने चाहिए।
कहा गया कि यहां की महिलाओं के पास हुनर है, पर वे रोजगार से अनभिज्ञ हैं। यदि महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तो राज्य का विकास भी तेज होगा। रोजगार से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ेगा और एक मजबूत राज्य का निर्माण होगा। सरकार को महिलाओं के लिए और अधिक योजनाएं लाने की आवश्यकता है। कहा गया कि सभी महिलाएं सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले पाती। सभी के लिए एक समान और सर्वहितकारी योजना होनी चाहिए, जिससे महिलाओं में समानता का बोध हो। कुछ योजनाओं का लाभ केवल कुछ महिलाएं ही प्राप्त कर पाती हैं, यह उचित नहीं है। सरकार की दृष्टि में हर महिला समान होनी चाहिए।
बैठक में कहा गया कि वास्तव में फुसरो नगर परिषद को पूरे इलाके का विकास करना चाहिए। कई बार ऐसा लगता है कि शहर के कुछ इलाकों की प्रशासनिक रूप से अनदेखी की जाती है। जबकि पूरा शहर नगर परिषद क्षेत्र में आता है, फिर यह सौतेला व्यवहार उचित नहीं है। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों के अस्पतालों को भी शहरी अस्पतालों की तरह बेहतर बनाना चाहिए। सरकार ने मंईयां योजना का लाभ महिलाओं को देकर उन्हें काफी सहूलियत पहुंचाई है, लेकिन इसका लाभ कई ऐसी महिलाएं भी ले रही हैं जिन्हें इसकी आवश्यकता नहीं है। वहीं, कई जरूरतमंद महिलाएं आज भी इसका लाभ पाने से वंचित हैं और अंचल कार्यालय के चक्कर काट रही हैं।
कहा गया कि मंईयां योजना का लाभ हर जरूरतमंद महिला को मिलना चाहिए। महिलाओं को मंईयां योजना का लाभ देने के साथ-साथ उन्हें रोजगार मुहैया कराना भी आवश्यक है, ताकि वे किसी की मोहताज न रहें। कहीं न कहीं रोजगार के मामले में सरकार पिछड़ी हुई है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने होंगे।
इस अवसर पर सर्वसम्मति से फुसरो नगर परिषद के आगामी चुनाव मे अध्यक्ष और 28 वार्ड मे प्रत्याशी देने का निर्णय लिया गया। बैठक में मजदूर नेता साधु बाउरी, विकास चन्द्र डे, प्रकाश तुरी, शिव शंकर शर्मा, आनंद रजवार, नगमा आफरिन, गायत्री देवी, मुन्नी देवी, प्रवीण बानो, प्रेमलता ठाकुर, गीता देवी, संतोष, चन्द्रशेखर, बिरेन्द्र सिंह, संतोष साव, मधु बाबु, लखन किरदार आदि दर्जनो गणमान्य मौजूद थे।
![]()













Leave a Reply