एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में डीएवी पब्लिक स्कूल सीसीएल कथारा में बीते 8 अगस्त को सह-पाठ्यचर्या गतिविधियों (सीसीए) के अंतर्गत विभिन्न रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। आयोजित अंतर सदनीय कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा, सृजनात्मकता और कलात्मक अभिव्यक्ति का शानदार प्रदर्शन किया।
विद्यालय परिसर में आयोजित रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के अवसर पर कक्षा तृतीय से पंचम तक देशभक्ति गीत प्रतियोगिता, कक्षा षष्ठम से अष्टम तक नृत्य-नाटिका तथा कक्षा नवम से एकादश तक लोक नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की गई। देशभक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने विद्यार्थियों में राष्ट्र प्रेम की भावना को प्रबल किया। वहीं नृत्य-नाटिका के माध्यम से विभिन्न सामाजिक एवं जीवनोपयोगी संदेशों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।
छात्रों द्वारा आयोजित लोक नृत्य की प्रस्तुतियों में भारतीय लोक संस्कृति की विविधता, परंपरा और रंगों की सुंदर झलक देखने को मिली। चारों सदनों यथा दयानंद, अरविंदो, विवेकानंद और श्रद्धानंद हाउस के छात्राओं ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रस्तुत करने की कोशिश की। इस अवसर पर विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए विद्यालय के प्राचार्य सह झारखंड जोन-आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ जी.एन. खान ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करना है। उन्होंने कहा कि संगीत, नृत्य, नाट्य और सांस्कृतिक गतिविधियाँ विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन, सहयोग की भावना एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करती हैं।
उन्होंने कहा कि सीसीए गतिविधियाँ विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे मंच पर प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती हैं। ऐसी गतिविधियों में सहभागिता से बच्चों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है तथा वे अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी की सहभागिता अपने आप में उपलब्धि है और निरंतर प्रयास ही सफलता की आधारशिला है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक पंकज कुमार, नागेंद्र प्रसाद, डॉ आर.एस. मिश्रा, सीसीए समन्वयक जितेंद्र दुबे, बी.के. दसौंधी, आराधना, ए.के. गोस्वामी, राकेश रंजन, तेजो मित्र पाठक, रितेश कुमार, खुशबू कुमारी, रेखा कुमारी, वीणा कुमारी, ओशीन, अर्शिया एजाज, विकास सिंह, जयप्रकाश गिरि, संगीत कुमार, सुरभि दुबे, सुमन कुमारी, बबली कुमारी, निकिता कुमारी, पुष्पांजलि राव सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं के मार्गदर्शन एवं विद्यार्थियों के उत्साहपूर्ण सहभागिता से आयोजित यह सीसीए कार्यक्रम सफल एवं यादगार रहा। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में देशभक्ति, सांस्कृतिक चेतना, रचनात्मकता और आत्मविश्वास के विकास का प्रभावशाली संदेश देने में सफल रहा है।
![]()













Leave a Reply