प्रहरी संवाददाता/धनबाद (झारखंड)। झारखंड में पहली इलेक्ट्रिक बस सेवा को धनबाद में केंद्रीय कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी हरी झंडी दिखाएंगे। ज्ञात हो कि, आगामी 27 नवंबर को कोयला मंत्री के साथ कोयला सचिव एवं कोल इंडिया चयेरमैन बीसीसीएल के दौरे पर आ रहे हैं।
बताया जाता है कि आगामी 28 नवंबर को कोयला मंत्री धनबाद में कई कार्यक्रम में भाग लेंगे। वहीं 29 नवंबर की सुबह धनबाद से प्रस्थान करेंगे। इस क्रम में कोयला मंत्री धनबाद के बेलगड़िया में 28 नवंबर को इलेक्ट्रीक बस को हरी झंडी दिखाएंगे।
जानकारी के अनुसार विस्थापितों के लिए बीसीसीएल प्रबंधन की ओर से बेलगड़िया को दो इलेक्ट्रिक बस उपलब्ध करायी जा रही है। जिसका आगामी 26 नवंबर को धनबाद पहुंचने की संभावना है। बीसीसीएल सूत्रों के अनुसार झरिया पुनर्वास को लेकर कोयला मंत्री का दौरा है।
बताया जाता है कि प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने झरिया पुनर्वास के त्वरित क्रियान्वयन का निर्देश कोयला मंत्रालय को दिया है। बीसीसीएल दौरे पर कोयला मंत्री बीसीसीएल एवं जेआरडीए के अफसरों के साथ बैठक करेंगे। साथ ही बेलगडिया सहित प्रभावित इलाकों का भ्रमण करेंगे। ध्यान देने योग्य है कि पिछले कुछ दिनों में झरिया पुनर्वास को लेकर तीन अहम बैठकें की गयी है। केंद्रीय कोयला मंत्री का धनबाद दौरा कई मायनों में महत्वपूर्ण है। मालूम हो कि केंद्रीय कैबिनेट ने झरिया पुनर्वास के लिए 5,940 करोड़ रुपये के संशोधित झरिया मास्टर प्लान को इसी वर्ष जून महीने में स्वीकृति दी है।
![]()













Leave a Reply