Advertisement

कथारा से बाबा कांवरिया संघ टोली देवघर के लिए रवाना

सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर बाबा धाम देवघर में करेंगे जलाभिषेक

एस. पी. सक्सेना/बोकारो।। पवित्र श्रावण मास में भक्ति और आस्था का माहौल उस समय देखने को मिला जब बोल बम के जयकारों के साथ बोकारो जिला के हद में गोमिया प्रखंड के महली बांध पिपरा टोला से कांवरियों की टोली देवघर के लिए रवाना हुई।

बताया जाता है कि 12 अगस्त को कांवरियों की टोली कथारा दो नम्बर शिव मंदिर से रवाना हुई। टोली के रवाना होने से पहले सभी कांवरियों ने बाबा का विधिवत पूजन कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद सभी भक्त सिर पर गेरुआ वस्त्र बांध और कांवर उठाकर बोल बम तथा हर हर महादेव के नारों के साथ सुल्तानगंज के लिए प्रस्थान कर गए।

बताया जाता है कि बाबा कांवरिया संघ के नेतृत्व में यह टोली पहले बिहार के सुल्तानगंज में गंगा नदी से पवित्र जल उठाएगी। इसके बाद लगभग 105 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर बाबा नगरी देवघर पहुंचकर बाबा बैद्यनाथ धाम में गंगाजल से जलाभिषेक करेगी। संघ के सदस्यों ने बताया कि यह यात्रा आस्था, कठिन तपस्या और बाबा के प्रति समर्पण का प्रतीक है। कहा गया कि पूरे रास्ते कांवरिये भजन-कीर्तन करते आगे बढ़ेंगे।

कांवरिया टोली में स्थानीय रहिवासी लाल यादव, मंटू यादव, राजू यादव, उमेश यादव, नागेश्वर रजवार, रविंद्र सिंह, रवि यादव, दीपू यादव, अनीता देवी, सुनीता देवी, लक्ष्मी कुमारी, अंजू देवी, पूजा कुमारी सहित दर्जनों महिला और पुरुष शिव भक्त शामिल थे। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए संघ के कार्यकर्ताओं ने विशेष व्यवस्था की है। ज्ञात हो कि इस दौरान बोल बम के गगनभेदी नारों से पूरा क्षेत्र शिवमय हो गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *