एस. पी. सक्सेना/बोकारो। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे का जश्न 25 मार्च को बोकारो में भी मनाया गया। इस मौके पर देर शाम आम आदमी पार्टी बोकारो ने जिला संयोजक धर्मेंद्र शर्मा के नेतृत्व में नगर सेवा भवन से सेक्टर चार महात्मा गांधी चौक तक मोमबत्ती जुलूस निकाला।
मौके पर उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि पिछ्ले 36 दिनों से जंतर-मंतर पर काॅकरोच जनता पार्टी संस्थापक अभिजीत दीपके के नेतृत्व में देश के छात्र और युवा लम्बा आंदोलन कर रहे थे। सामाजिक कार्यकर्ता सोनम बांगचुक और दर्जनों छात्रों ने 26 दिनों तक आमरण अनशन किया था। देश भर में बढ़ते आंदोलन को देखते हुए केन्द्र सरकार ने समझौता किया और जेनजी पीढ़ी की सभी मांगे मान ली।
बोकारो में भी उसी कड़ी में कार्यक्रम आयोजित किया गया था। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए आप के प्रदेश मीडिया सह प्रभारी कुमार राकेश ने कहा कि आज लोकतंत्र की जीत हुई है और तानाशाही पराजित हुई है। कहा कि देश भर के युवा और छात्र जवाबदेही तय करते हुए पेपर लीक के दोषी धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांग रहे थे। इसके लिए जंतर-मंतर पर अनशन पर शांतिपूर्वक बैठे सोनम बांगचुक को जबरन उठा लिया गया था। शांतिपूर्वक संसद भवन का घेराव करने जा रहे लाखों-लाख युवाओं पर लाठीचार्ज कर अश्रु गैस छोड़कर आंदोलन खत्म करने की साजिश रची गई। लेकिन छात्र-युवा डटे रहे।
आप के जिला संयोजक धर्मेंद्र शर्मा ने कहा कि नीट पेपर लीक के बाद देश के 21 से अधिक छात्रों ने आत्महत्या कर ली थी। आंदोलन की सफलता इन्हें मुआवज़ा दिलाना भी है। कहा कि पिछले बारह साल में छात्रों के 100 के करीब पेपर लीक हो चुके हैं। इसके लिए आप सहित सभी विपक्षी दल एक साथ सरकार के खिलाफ आंदोलनरत थे। कैंडल मार्च कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी बोकारो जिला प्रवक्ता मिथिलेश गिरि, केएपी वर्मा, अशोक कुमार, मनौवर अंसारी, शंकर मांझी, राहुल विश्वकर्मा, रीतेश कुमार, बिनेश्वर कुमार, एसके झा, मनौवर अली, सतीश चंद्र गुप्ता सहित अन्य शामिल थे।
![]()













Leave a Reply