Advertisement

सोनपुर के लाल ने बॉलीवुड में लहराया परचम, वेटिंग है में दमदार अभिनय

सबलपुर के प्रभाकर का मुंबई सफर: रेलवे स्कैम पर बनी वेब सीरीज में चमके

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर प्रखंड के सबलपुर बभन टोली के लाल प्रभाकर शर्मा ने बॉलीवुड में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। शैलेश शर्मा के पुत्र प्रभाकर ने हाल ही में अमेज़न एमएक्स प्लेयर पर रिलीज वेब सीरीज वेटिंग है में अपने दमदार अभिनय से दर्शकों का ध्यान खींचा है।

रेलवे टिकट स्कैम की सच्ची घटनाओं पर आधारित इस सीरीज में प्रभाकर की भूमिका को काफी सराहा जा रहा है। यह सीरीज फिलहाल भारत में नंबर-1 पर ट्रेंड कर रही है।
प्रभाकर पिछले तीन वर्षों से मुंबई में रहकर अभिनय का विधिवत प्रशिक्षण ले रहे थे। कड़ी प्रतिस्पर्धा और संघर्ष के बीच उन्होंने अपनी जगह बनाई है।

उनके पिता शैलेश शर्मा और माता सुप्रिया देवी को अपने पुत्र पर गर्व है। उन्होंने बताया कि बचपन में वे प्यार से प्रभाकर को ‘गिरधारी’ कहकर बुलाते थे और आज भी इलाके में रहिवासी उन्हें इसी नाम से जानते हैं। बेटे के अंदर अभिनय के प्रति जुनून देखकर परिवार ने ही उसे मुंबई में प्रशिक्षण के लिए प्रोत्साहित किया था। तब से प्रभाकर दो-तीन बार ही घर आ पाए हैं।

क्या है वेटिंग है की कहानी

यह सीरीज रेलवे टिकट बुकिंग में होने वाले बड़े स्कैम और उससे आम यात्रियों को होने वाली परेशानियों को उजागर करती है। इसमें दिखाया गया है कि कैसे एक संगठित फ्रॉड आमजन की जिंदगी को सीधे प्रभावित करता है। इस सीरीज में मिर्जापुर फेम दिव्येंदु शर्मा (मुन्ना भैया), भुवन अरोड़ा, कुमुद मिश्रा, यशपाल शर्मा और विजय मौर्य जैसे दिग्गज कलाकार मुख्य भूमिका में हैं। दमदार कहानी और यथार्थवादी अभिनय के कारण वेटिंग है दर्शकों के लिए एक नया अनुभव लेकर आई है।

गौरतलब है कि प्रभाकर उर्फ गिरधारी की दो और बड़ी प्रोजेक्ट्स जल्द रिलीज होने वाली हैं। बिहार के पहले गैंगस्टर अशोक सम्राट के जीवन पर आधारित गैंगस्टर सम्राट और सिस्टम। प्रभाकर की इस सफलता से सोनपुर सहित पूरे इलाके में हर्ष का माहौल है। क्षेत्र के युवा उन्हें प्रेरणा के रूप में देख रहे हैं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *