सीसीएल अरगड्डा क्षेत्र की सीएसआर पहल को मिला नया आयाम
अरगड्डा क्षेत्र के हेसलोंग में सामुदायिक भवन का शिलान्यास
एस. पी. सक्सेना/रामगढ़ (झारखंड)। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के अरगड्डा क्षेत्र द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत स्थानीय समुदाय के लिए विभिन्न विकासात्मक एवं जनोपयोगी परियोजनाओं की 17 सितंबर को शुरुआत की गई। इस क्रम में क्षेत्र के हेसलोंग में सामुदायिक भवन के निर्माण कार्य का शिलान्यास तथा विभिन्न स्थानों पर ओपन जिम सुविधाओं का उद्घाटन किया गया।
जानकारी के अनुसार अरगड्डा क्षेत्र के हेसलोंग में सामुदायिक भवन का शिलान्यास हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल एवं मांडू विधायक निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो ने संयुक्त रूप से सामुदायिक भवन के निर्माण कार्य की आधारशिला रखी।
स्थानीय रहिवासियों के स्वास्थ्य एवं फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से क्षेत्र के गिद्दी ‘सी’, गिद्दी ‘ए’ तथा महाप्रबंधक कार्यालय के समीप स्थित सामुदायिक पार्क में ओपन जिम सुविधाओं का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर अरगड्डा क्षेत्र के महाप्रबंधक सत्यजीत कुमार, विभागाध्यक्ष प्रशासन एवं मानव संसाधन राजीव कुमार, विभागाध्यक्ष असैनिक नासिर तौहीद सहित सीसीएल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

सीसीएल मुख्यालय रांची के जनसंपर्क विभाग के अनुसार इन परियोजनाओं के माध्यम से स्थानीय ग्रामीणों को सामाजिक एवं सामुदायिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। वहीं, ओपन जिम के माध्यम से क्षेत्रवासियों को नियमित व्यायाम एवं स्वस्थ जीवन शैली के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। कहा गया कि सीसीएल अरगड्डा क्षेत्र की यह पहल स्थानीय समुदाय के विकास, जनसुविधाओं के विस्तार और स्वस्थ एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। कहा गया कि सीसीएल अपने परिचालन क्षेत्रों में विकास के साथ-साथ समुदाय के समग्र कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
![]()













Leave a Reply