Advertisement

विश्व ओजोन दिवस पर कसमार के दुर्गापुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। विश्व ओजोन दिवस के अवसर पर 16 सितंबर को बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के दुर्गापुर पंचायत में सहयोगिनी तथा सारथी नेटवर्क की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजनों, विशेषकर किशोरियों एवं महिलाओं को ओजोन परत के महत्व, पर्यावरण संरक्षण तथा जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सहयोगिनी संस्था के समन्वयक प्रकाश कुमार महतो ने कहा कि ओजोन परत पृथ्वी के लिए एक प्राकृतिक सुरक्षा कवच का कार्य करती है। यह सूर्य से आने वाली हानिकारक पराबैंगनी (यूवी) किरणों से पृथ्वी पर रहने वाले जीव-जंतुओं, पेड़-पौधों और मानव स्वास्थ्य की रक्षा करती है। उन्होंने कहा कि ओजोन परत की सुरक्षा केवल सरकार या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक रहवाड़ी को पर्यावरण संरक्षण में अपनी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने आमजनों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने, प्लास्टिक के अनावश्यक उपयोग को कम करने तथा पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली अपनाने की अपील की।

सहयोगिनी संस्था की एनिमेटर बिनीता देवी ने कहा कि पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य का आपस में गहरा संबंध है। पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए समुदाय की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने किशोरियों एवं महिलाओं से अपने परिवार और समुदाय के बीच पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता फैलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयासों के माध्यम से भी पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को ओजोन परत के महत्व, इसके क्षरण के कारणों, पराबैंगनी किरणों से होने वाले संभावित प्रभावों, जलवायु परिवर्तन तथा पर्यावरण संरक्षण के विभिन्न उपायों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही पेड़-पौधों के संरक्षण, स्वच्छ वातावरण बनाए रखने और प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित प्रतिभागियों ने ओजोन परत की सुरक्षा, पेड़-पौधों के संरक्षण तथा स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण के निर्माण का संकल्प लिया।

संस्था की ओर से बताया गया कि ग्रामीण क्षेत्रों में किशोरियों, महिलाओं एवं समुदाय के बीच पर्यावरण संरक्षण और विभिन्न सामाजिक मुद्दों को लेकर लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मौके पर बरखा कुमारी, गायत्री कुमारी, संध्या कुमारी, दीपिका कुमारी, प्रियंका कुमारी, शीतल कुमारी, ज्योति कुमारी, सोनी कुमारी, होलिका कुमारी, हीना कुमारी, रीमा कुमारी, राधा कुमारी, चंदा कुमारी आदि मौजूद रहीं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *