अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला पुलिस ने सोशल मीडिया पर हिंसा भड़काने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला को हिरासत में लिया है। इस संबंध में साईबर थाना में मामला दर्ज किया गया है।
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 24 जुलाई को साइबर थाना सारण की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान फेसबुक पर संचालित एक प्रोफाइल से आपत्तिजनक एवं भड़काऊ वीडियो प्रसारित किया जाना पाया गया। उक्त वीडियो में छात्रों एवं आमजनों को विरोध-प्रदर्शन के लिए उकसाने वाले संदेश दिए जा रहे थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर थाना ने तत्काल कार्रवाई की। उपलब्ध डिजिटल साक्ष्य, वीडियो, स्क्रीनशॉट एवं अन्य तकनीकी तथ्यों के आधार पर साइबर थाना में कांड क्रमांक-122/26, धारा- 192/353(1)/351(4) बीएनएस एवं 66 आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर एक महिला को पुलिस हिरासत में लिया गया है।
पुलिस महिला द्वारा इस कृत्य को अंजाम देने के उद्देश्य एवं मंतव्य के संबंध में अनुसंधान कर रही है। अग्रतर विधि-सम्मत कार्रवाई जारी है। सारण पुलिस ने आम जनों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भड़काऊ, भ्रामक अथवा हिंसा को बढ़ावा देने वाली सामग्री का प्रसार न करें। ऐसी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
![]()













Leave a Reply