Advertisement

सारण में हाई अलर्ट: प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन से पूर्व सड़कों पर उतरे डीएम व् एसएसपी

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिले में आगामी 25 जुलाई को कई राजनीतिक दलों द्वारा आहूत विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजनों में सुरक्षा का भरोसा जगाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार की अगुवाई में 24 जुलाई को जिला मुख्यालय छपरा शहर के मुख्य मार्गों पर संयुक्त फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च नगर थाना चौक से नगरपालिका चौक, सरकारी बस स्टैंड, दरोगा राय चौक और हॉस्पिटल चौक जैसे संवेदनशील इलाकों से होकर पुनः नगर थाना चौक पर समाप्त हो गया। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

इस अवसर पर जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने स्पष्ट किया कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन इसके नाम पर अराजकता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि प्रदर्शन के दौरान सार्वजनिक या निजी संपत्ति को नुकसान पहुँचाने की अनुमति नहीं होगी। कहा कि यातायात और जनजीवन बाधित करने वालों पर कड़ी नज़र रखी जाएगी। सोशल मीडिया पर भड़काऊ और अफवाह फैलाने वाली सामग्री पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सारण जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और अफवाह फैलाने वाली पोस्ट को साझा करने से बचें। प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि जिले की सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद है और असामाजिक तत्वों पर पैनी नज़र रखी जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में शांति, सौहार्द और विधि-व्यवस्था सुनिश्चित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *