Advertisement

न्यायिक पदाधिकारियों व् अधिवक्ता द्वारा तेनुघाट जेल में दी गई कानूनी जानकारी

प्रहरी संवाददाता/तेनुघाट (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में तेनुघाट स्थित उपकारा (जेल) में सर्वोच्च न्यायालय, झारखंड उच्च न्यायालय एवं प्रधान जिला जज बोकारो के निर्देश पर बीते 21 जून को जेल अदालत सह कानूनी जागरूकता शिविर सह स्वास्थ जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में जेल बंदी शामिल होकर बेहतर नागरिक बनने तथा कानून की बारीकीयों से अवगत हुए।

जानकारी के अनुसार तेनुघाट व्यवहार न्यायालय के प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी दिग्विजय नाथ शुक्ला के नेतृत्व में आयोजित शिविर में जेल में बंदियों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर का भी आयोजन किया गया। कानूनी जागरूकता शिविर को संबोधित करते हुए प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी शुक्ला ने बताया कि जेल अदालत के साथ-साथ मेडिकल कैंप भी लगाया जा रहा है। जिससे सभी बंदियों को दोनों का फायदा प्राप्त हो रहा है।

उन्होंने बताया कि जेल में बंदियों को जागरूक करने के कारण आज जेल में बंदियों की संख्या कम हो रही है। जिससे यह पता चलता है कि बंदी जागरूक हो रहे हैं और वे अपराध से दूर हो रहे हैं। इसी के तहत प्रत्येक महीने जेल अदालत का आयोजन किया जाता है। बंदियों को उन्होंने अधिकार एवं कर्तव्य के बारे में बताया। बंदियों को मूल अधिकार की जानकारी दी। कहा कि मूल अधिकार मानव जीवन के लिए आवश्यक होता है। उन्होंने नागरिक अधिकार से संबंधित कई जानकारी दी।

मौके पर उपस्थित अनुमंडलीय अस्पताल के चिकित्सक डॉ शंभू कुमार ने बताया कि हम सभी को आजादी से जीने का हक है, मगर हमें कानून का भी पालन करना चाहिए। शिविर में पैनल अधिवक्ता नीरज कुमार ने बताया कि जेल में बंदियों को किसी भी तरह की समस्या की जानकारी मिलते ही उनकी समस्या का समाधान किया जाता है। दहेज अधिनियम के बारे मे जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि दहेज लेना और देना दोनो अपराध है।

इस अवसर पर जेल में लगे मेडिकल कैंप में बंदियों ने अपना स्वास्थ्य जांच कराया। जिसमें सामान्य जांच, आंख जांच और दांत जांच शामिल है। स्वागत भाषण देते हुए जेलर नीरज कुमार ने कहा कि हमें यहां से अपने आप को सुधार कर आगे बढ़ना चाहिए। मंच संचालन और धन्यवाद ज्ञापन अधिवक्ता सुभाष कटरियार उर्फ राजाजी ने किया। उन्होंने बंदियों को बताया कि न्यायालय में अगर आपका मुकदमा लंबित है और आप अधिवक्ता नहीं रख सकते हैं तो आपको मुफ्त अधिवक्ता मुहैया कराया जाता है। शिविर में सूरज मोदी, विजय ठाकुर, मदन प्रजापति, संजय मंडल, इस्तियाक अंसारी सहित अन्य दर्जनों जेल बंदी उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *