Advertisement

सोनपुर नगर में टोपोलैंड नीति के खिलाफ 29 जून को जनता कर्फ्यू का ऐलान

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। बिहार सरकार और सारण जिला प्रशासन की टोपोलैंड एवं भूमि अधिग्रहण नीति के विरोध में आगामी 29 जून को जिला के हद में सोनपुर नगर में 22 जून को जनता कर्फ्यू का ऐलान किया गया। जनता कर्फ्यू की अवधि पांच घंटा निर्धारित की गई है।

जनता कर्फ्यू को सफल बनाने के लिए टोपोलैंड संघर्ष समिति घर-घर और दुकान-दुकान जाकर जनसंपर्क करेगी। समिति ने आम जनों से स्वेच्छा से उस दिन दुकानें और बाजार बंद रखने तथा घरों से बाहर न निकलने की अपील की है। जनता कर्फ्यू का प्रस्ताव 22 जून को सोनपुर के लोकसेवा आश्रम के प्रेक्षागृह में आयोजित महापंचायत में रखा गया। वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय कुमार सिंह के इस प्रस्ताव पर संघर्ष समिति और उपस्थित जनों ने सर्वसम्मति से मुहर लगा दी। समिति के अध्यक्ष विनोद सिंह सम्राट ने मंच से घोषणा की कि 29 जून को सुबह से दोपहर 3 बजे तक जनता कर्फ्यू लागू रहेगा। इससे पहले आगामी 28 जून की शाम मशाल जुलूस निकाला जाएगा।

इस अवसर पर आयोजित महापंचायत में क्षेत्र के वरिष्ठ साहित्यकार सुरेंद्र मानपुरी ने कहा कि सरकार और प्रशासन को यह ध्यान रखना चाहिए कि ऐतिहासिक धरोहरों को कोई नुकसान न पहुंचे। उन्होंने कहा कि धरना-प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से होना चाहिए। कहा कि यदि सरकार कानून से अलग हटकर काम करती है तो न्यायालय का विकल्प खुला है।

महापंचायत की अध्यक्षता वरिष्ठ कांग्रेस नेता राम विनोद सिंह जबकि मंच संचालन डॉ आशुतोष कुमार ने की। मौके पर अधिवक्ता संघ सोनपुर के अध्यक्ष डॉ नवल कुमार सिंह, अधिवक्ता अवधेश सिंह, भाजपा नेता धनंजय सिंह, सुधीर कुमार सिंह भोला, अविनाश कुमार, संघर्ष समिति के महासचिव वीरेन्द्र शर्मा, सरपंच संघ के अध्यक्ष भरत सिंह, टुन्ना पांडेय और पुष्पा सिंह ने भी संबोधित किया। जिसमें पुष्पा सिंह ने विरोध स्वरूप मानव श्रृंखला बनाने का सुझाव दिया। अंत में भाजपा नेता नरेश सिंह ‘नरेशु’ ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर किसान नेता ब्रज किशोर शर्मा, जेपी सेनानी धर्मनाथ शर्मा, अनिल सिंह, अवधेश नारायण सिंह सहित दर्जनों गणमान्य उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *